गोरखपुर: गीडा खरीद रहा 320 हेक्टेयर जमीन, बढ़ जाएगा लैंड बैंक, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
प्राधिकरण अधिसूचित छह गांवों में करीब 4.60 अरब की लागत से खरीदी जा रही है जमीन। आदित्य बिड़ला एवं शुद्ध प्लस समेत कई कंपनियों ने इंडस्ट्री लगाने की जताई है इच्छा।
विस्तार
लंबे अरसे से गीडा के पास लैंड बैंक की कमी है। इसकी वजह से बड़ी कंपनियों को यहां अपनी फैक्ट्रियां स्थापित करने में दिक्कत आती रही है। इसको देखते हुए गीडा प्रशासन ने अपना लैंड बैंक बढ़ाने की तैयारी में जुटा हुआ है। इसी क्रम में गीडा प्रशासन ने भूस्वामियों के साथ आपसी समझौते के आधार पर भीटी रावत, कालेसर, माही, नरकटहा और भगवानपुर में जमीन की खरीद शुरू कर दी है।
गीडा अधिसूचित क्षेत्र के छह गांवों की करीब 320 हेक्टेयर जमीन की खरीद की जा रही है। गीडा बोर्ड ने भी कमेटी की संस्तुति के आधार पर जमीन की कीमत भुगतान की अनुमति दे दी है। इसमें अधिकांश जमीन सर्किल रेट की चार गुनी कीमत अदा करके खरीदी जा रही है।
नरकटहा में औद्योगिक गलियारा बनाने की योजना
गांव का नाम संपूर्ण क्षेत्रफल भूमि का कुल मूल
भीटी रावत 57.172 79,97,01,900
कालेसर 53.207 97,90,08,800
माही 8.769 16,98,24,000
उज्जीखोर 30.284 37,77,75,600
भगवानपुर 45.7396 69,52,41,920
नरकटहा 125.3861 1,58,13,86,52
कुल योग 320.5577 4,60,29,38,740
गीडा सीईओ पवन अग्रवाल ने बताया कि गीडा प्रशासन द्वारा छह गांवों में जमीन की खरीद की जा रही है। इससे गीडा के पास लैंड बैंक बेहतर हो जाएगा। जैसे जैसे कंपनियां आएंगी, उन्हें उनकी मांग के अनुसार जमीन का आवंटन किया जाएगा। रेडीमेड गारमेंट के लिए बनाए जाने वाले फ्लैटेड फैक्ट्री के लिए जमीन पहले से ही तय है।