सीएम योगी गोरखपुर को देंगे खास तोहफा, जिले की 11वीं नगर पंचायत बनेगी घघसरा बाजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घघसरा बाजार गोरखपुर की 11वीं नगर पंचायत होगी। शासन स्तर से प्रस्तावित क्षेत्रों का विवरण जारी कर 15 दिनों के भीतर आपत्तियां मांगी गई हैं। इसके बाद इसे नगर पंचायत घोषित कर दिया जाएगा। घघसरा के नगर पंचायत बनने से आसपास के 25 राजस्व गांवों के लोग शहरी बन सकेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के तीन साल के कार्यकाल में गोरखपुर में भरोहिया के तौर जहां नया विकास खंड बना वहीं, तीन नई नगर पंचायतें भी जुड़ीं। सबसे पहले कस्बा संग्रामपुर नगर पंचायत बना। इसके बाद उरुवां और अब सहजनवां तहसील क्षेत्र के घघसरा बाजार को नगर पंचायत घोषित करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई।
घघसरा बाजार, सहजनवां से बखिरा मार्ग पर स्थित है। आसपास के गांवों के लिए काफी पहले से ही यह प्रमुख बाजार रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा समय-समय पर इसे नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग की जाती रही है। इसके लिए कुछ महीने पहले शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। उसपर अमल करते हुए शासन ने शनिवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया। नगर पंचायत बन जाने के बाद इसमें शामिल होने वाले गांवों के लोगों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विकास कार्य तेजी से हो सकेंगे।
ये राजस्व गांव होंगे शामिल
डुमरी, बडहाडुहा, सोनचार, पिपरी, जसुलीपार, कोइरी, मंझरिया, कोइरा, ढेलहा, घघसरा, सिंहडा, ठर्रापार, जगदीशपुर गाही, कुसुम्हा खुर्द, विशुनपुर, नचनी, विजौवा, विसरी, अलटपुर, दरिवां, लोहसड़ा, थरुवापार, नेउसा, भरोहिया, सेहुडा।
जिले की नगर पंचायतें
बांसगांव, पीपीगंज, पिपराइच, गोला बाजार, मुंडेरा बाजार, सहजनवां, कस्बा संग्रामपुर उर्फ उनवल, बड़हहलगंज, कैंपियरगंज, उरुवा बाजार (प्रक्रिया में), घघसरा बाजार ( प्रक्रिया में)।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि घघसरा बाजार को भी नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रस्तावित सीमा को लेकर नोटिफिकेशन जारी हो गया है। यदि कोई इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराना चाहता है तो उसे 15 दिन का मौका दिया गया है।