Gorakhpur News: चोरी की 10 बाइकों के साथ पांच युवक गिरफ्तार, शौक के लिए करते थे चोरी
एसपी सिटी ने बताया कि शनिवार शाम को छह बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज कुंवर गौरव सिंह अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक को पुलिस ने रोकने के लिए हाथ दिया तब वह फरार हो गए थे। इसके बाद ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। तब बदमाशों की पहचान हो पाई।
विस्तार
गोरखपुर जिले के राजघाट व झंगहा थाना पुलिस ने बाइक चारों के अलग-अलग गिरोह के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। झंगहा पुलिस ने छह बाइकों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि राजघाट पुलिस ने चार बाइकों के साथ दो युवकों को दबोच लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि शौक पूरा करने के लिए चोरी करते थे। इनमें कई पहले भी जेल जा चुके हैं।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि चोरी की बाइकों को बरामद करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। इसी दौरान राजघाट थानेदार राजेंद्र सिंह व उनकी टीम को मुखबिर के जरिये बदमाशों के आने की सूचना मिली।
पुलिस लालडिग्गी के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान दो युवकों को अलग-अलग चोरी की बाइक के साथ पकड़ा। फिर उनकी निशानदेही पर दो अन्य बाइक भी बरामद कर ली गई। उधर, सीओ चौरीचौरा ने बताया कि झंगहा पुलिस ने चोरी की बाइकों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर तीन और बाइक बरामद कर ली गई। पुलिस ने छह बाइकों को बरामद कर लिया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
राजघाट थाने में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिलुआताल के हरसेवकपुर नंबर एक निवासी अविनाश चौहान, राप्तीनगर निवासी अनिल चौहान के रूप में हुई। झंगहा थाने में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के बनियापार निवासी आकाश निषाद, खोराबार के तरकुलही निवासी सुरेश यादव व गहिरा के पांडेय टोला निवासी शैलेंद्र यादव के रूप में हुई।
फरार चोरों को सीसी कैमरे की मदद से पकड़ा
एसपी सिटी ने बताया कि शनिवार शाम को छह बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज कुंवर गौरव सिंह अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक को पुलिस ने रोकने के लिए हाथ दिया तब वह फरार हो गए थे। इसके बाद ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। तब बदमाशों की पहचान हो पाई। सीसीटीवी कैमरे की मिली फुटेज के आधार पर रविवार को राजघाट थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को हाबर्ट बंधा सब्जी मंडी के पास से सुबह 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पिकअप व चोरी के टायर के साथ तीन गिरफ्तार
बड़हलगंज पुलिस ने चोरी के पिकअप व सात ट्रक के टायर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आजमगढ़ के अलीनगर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी मुहम्मद जाबिर, यहीं के मुहम्मद अरमान व मेराज अहमद के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।