री-नीट परीक्षा: 43 केंद्रों पर 21 हजार अभ्यर्थी देंगे टेस्ट, शहर में बदला रहेगा ट्रैफिक- ये है डायवर्जन
एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव के अनुसार, सामान्य दिनों में दोपहर 12 बजे से दो बजे तक खुलने वाली भारी वाहनों की नो-एंट्री 21 रविवार को नहीं खोली जाएगी। भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही परीक्षार्थियों और अभिभावकों के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने अपील की है कि परीक्षार्थी समय से पहले केंद्रों के लिए निकलें और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें।
विस्तार
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित होगी। इसके लिए शहर में जिले में 43 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए 21,358 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने शनिवार को सभी तैयारियां पूरी कर लीं।
प्रशासन के मुताबिक, नीट का आयोजन दोपहर दो से शाम सवा पांच बजे तक होगा। इसके लिए सभी केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलने लगेगा। दोपहर 1:30 बजे तक केंद्रों के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर व्यस्थापकों के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस परीक्षा के लिए शनिवार की शाम से ही दूर-दराज के अभ्यर्थी गोरखपुर पहुंंचने लगे हैं। विभिन्न होटलों के साथ ही रेलवे स्टेशन और बस स्टेशनों पर वह ठहरे हुए हैं। नीट का आयोजन बीते तीन मई को हुआ था। उस समय 43 केंद्रों पर 21,291 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। उनमें 20,808 उपस्थित व 483 अनुपस्थित रहे थे।
शहर में बदला रहेगा यातायात, भारी वाहनों की रहेगी नो-एंट्री
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (नीट) की ओर से आयोजित होने वाली री-नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए रविवार को शहर के कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव के अनुसार, सामान्य दिनों में दोपहर 12 बजे से दो बजे तक खुलने वाली भारी वाहनों की नो-एंट्री 21 रविवार को नहीं खोली जाएगी। भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही परीक्षार्थियों और अभिभावकों के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने अपील की है कि परीक्षार्थी समय से पहले केंद्रों के लिए निकलें और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें।
- अग्रसेन तिराहा से जुबली तिराहा और बक्शीपुर चौराहा की ओर जाने वाले ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन अग्रसेन तिराहा से टाउनहाल, कचहरी चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- अंबेडकर चौराहा से तमकुही तिराहे की ओर जाने वाले ई-रिक्शा और ऑटो को आवश्यकता के अनुसार अंबेडकर चौराहा से छात्रसंघ भवन की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन छात्रसंघ भवन मार्ग से आगे बढ़ सकेंगे।
- एडी टावर के पास पार्किंग व्यवस्था (विजय चौक के पास)
- एसबीआई के अंदर पार्किंग व्यवस्था
- पवित्र विवाह स्थल पार्किंग (अग्रसेन तिराहा के पास)
- कचहरी क्लब के अंदर पार्किंग व्यवस्था (टाउनहाल तिराहा के पास)
- विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के बगल खाली जमीन में पार्किंग व्यवस्था
- माड़वाड़ी इंटर कॉलेज बक्शीपुर के सामने पार्किंग व्यवस्था