गोरखपुर: ऑटो खड़े कर चालकों ने किया धरना-प्रदर्शन, ई-बसों का किराया ऑटो के बराबर करने की मांग
ऑटो चालकों ने कहा कि ई-बसों के संचालन के बाद किराए को लेकर यात्रियों से विवाद हर दिन हो रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में ऑटो की तुलना में इलेक्ट्रिक बस (ई-बस) का किराया कम होने का ऑटो चालकों ने विरोध किया है। रविवार को चंपा देवी पार्क में ऑटो चालकों ने ऑटो खड़े कर धरना-प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि ई-बस का किराया ऑटो के बराबर किया जाए।
चंपा देवी पार्क में धरना दे रहे ऑटो चालकों ने कहा कि शहर में सिटी बस चलाने का कोई औचित्य नहीं है। बावजूद इसके शहर में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन कराया जा रहा है। वहीं इसका किराया भी ऑटो की तुलना में बहुत कम रखा गया है। इससे ऑटो चालकों का आर्थिक नुकसान हो रहा है।
चालकों ने कहा कि ऑटो डीजल, एलपीजी एवं सीएनजी से चलते हैं। ऐसे में ऑटो के संचालन पर खर्च अधिक आता है। वहीं दूसरी तरफ ई-बसें बहुत ही कम खर्च में संचालित हो जा रही हैं। बताया कि ई-बसों का संचालन शहर में शुरू होने के बाद यात्रियों के साथ किराए को लेकर विवाद भी बढ़ गए हैं।
चालकों ने कहा कि ई-बसें चलने से हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन ऑटो और बस का किराया बराबर किया जाना चाहिए। धरने में पिंटू तिवारी, नंदू, रिंकू सिंह, श्रवण कुमार, दीपक सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक शामिल रहे।
ऑटो एसोसिएशन ने की बैठक
गोरक्ष पूर्वांचल ऑटो एसोसिएशन की बैठक रेलवे स्टेशन रोड स्थित कैंप कार्यालय में हुई। बैठक में इलेक्ट्रिक बस संचालन को लेकर पदाधिकारियों ने चर्चा की साथ ही निर्णय लिया कि जल्द ही अधिकारियों से मिलकर ऑटो चालकों की समस्या उनके सामने रखेंगे। बैठक में जेके द्विवेदी, सुशील मिश्रा, सुरेंद्र यादव, पन्ने लाल, धनंजय मल्ल, कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।