{"_id":"5f0756dcc7d5b10f844ea0f6","slug":"dm-decides-lockdown-in-kotwali-rajghat-and-tiwaripur-police-station-area-till-17-july","type":"story","status":"publish","title_hn":"गोरखपुर के कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर थाना क्षेत्र में 17 तक रहेगा लॉकडाउन, डीएम ने लिया निर्णय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गोरखपुर के कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर थाना क्षेत्र में 17 तक रहेगा लॉकडाउन, डीएम ने लिया निर्णय
Fri, 10 Jul 2020 09:50 AM IST
Mohit Mudgal
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
Published by: Mohit Mudgal
Updated Fri, 10 Jul 2020 09:50 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
शासन ने भले ही 13 जुलाई तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है मगर शहर के तीन थाना क्षेत्रों कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर में 17 जुलाई तक पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। यह फैसला स्थानीय स्तर पर डीएम के. विजयेंद्र पांडियन का कहना है। उन्होंने बताया कि इन तीनों थाना क्षेत्रों में सबसे ज्यादा संक्रमित पाए जा रहे हैं। वर्तमान में 40 से अधिक हॉट स्पॉट हो गए हैं ऐसे में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत मजबूरन इन क्षेत्रों में सात दिन तक के लिए लॉकडाउन का निर्णय किया गया है।
विज्ञापन
ऐसे में शहर के बाकी इलाकों में जहां तीन दिन बाद लॉकडाउन खत्म हो जाएगा, इन तीनों थाना क्षेत्रों में 17 जुलाई तक लागू रहेगा। डीएम ने बताया कि इस दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। सब्जी के ठेले, संबंधित थाना क्षेत्रों के मोहल्लों में जाएंगे। दूध की भी आपूर्ति होगी। दवा की दुकानें खुली रहेंगी। इसी तरह अन्य जरूरी सामान होम डिलीवरी पोर्टल के जरिए मंगाए जा सकेंगे। इन क्षेत्रों में 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाएगी और किसी ने भी निर्देशों की अनदेखी कर बाहर निकलने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
डीएम ने बताया कि दरअसल संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद भी इन इलाकों के लोग मान नहीं रही थे। जगह-जगह सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी हो रही थी। हॉट स्पॉट वाले इलाकों में भी लोग दुकानें खोल ले रहे थे। उन्होंने बताया कि खुद उनके निरीक्षण में ये सभी खामियां मिली।
विज्ञापन
नमूनों की संख्या बढ़ाई जाएगी, होगा सैनिटाइजेशन
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि 17 जुलाई तक जब तक इन इलाकों में लॉकडाउन रहेगा, नमूनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। ज्यादा से ज्यादा लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे और पूरे इलाके का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की सबसे ज्यादा जांच कराई जाएगी।
...तो आधे शहर पर रहेगा पहरा
कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर जैसे तीन बड़े थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन माने आधे शहर पर पहरा रहेगा। यूं कह लें तो गोलघर से विजय चौराहा, बैंक रोड, बक्शीपुर लेते हुए उस तरफ के जितने भी इलाके हैं सभी जगहों पर 17 जुलाई तक लॉक डाउन रहेगा। ये सभी क्षेत्र इन तीन थाना क्षेत्रों में आते हैं।