यूपी: ब्लाइंड स्कूल के बाथरूम में मिली 8वीं के छात्र की लाश, गमछे से लटका मिला शव, मोबाइल से खुलेगा मौत का राज
लालडिग्गी के स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित कॉलेज में बुधवार सुबह छात्र अनूप कुमार (18) का शव बाथरूम में लटका मिला। पुलिस आत्महत्या की आशंका जताते हुए मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज जांच रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के गोरखपुर जिले के लालडिग्गी स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बॉयज इंटर कॉलेज के बाथरूम में बुधवार सुबह आठवीं के छात्र अनूप कुमार (18) का शव गमछे के सहारे लटका मिला। देवरिया के रामगुलाम टोला निवासी अनूप आवासीय व्यवस्था में रहकर पढ़ाई करता था। घटना की सूचना पर एसपी सिटी निमिष पाटील और एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें अनूप गमछा और बाल्टी लेकर अकेले बाथरूम की ओर जाता दिखाई दिया है। इससे पुलिस प्रथमदृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है।
उप निदेशक दिव्यांग अनूप कुमार के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे छात्र बाथरूम गया था। सुबह सफाईकर्मी विनोद ने काफी देर तक दरवाजा बंद देखा तो खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उसने स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। जानकारी मिलने पर राजघाट पुलिस पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। उसे खोलने पर छात्र कुंडी में गमछे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया।
अनूप, रामआसरे का बेटा था और दोनों आंखों से दिव्यांग था। वह वर्ष 2019 से इसी स्कूल में आवासीय छात्र के रूप में रहकर पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। पिता रामआसरे रिश्तेदारों के साथ स्कूल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल के कर्मचारियों और छात्रों से भी जानकारी जुटाई तथा सीसीटीवी फुटेज देखी।
मोबाइल से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने छात्र का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। उसके कॉल डिटेल और मोबाइल में उपलब्ध अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। आत्महत्या की वजह जानने के लिए स्कूल के छात्रों और शिक्षकों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि छात्र किसी तनाव या परेशानी में तो नहीं था।
पैनल से पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी भी
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शव बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा और इसकी वीडियोग्राफी भी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।