डीडीयू सेमेस्टर परीक्षा: आठ फ्लाइंग स्क्वॉयड और 15 ऑब्जर्वर तैनात, एक महीने के अंदर घोषित होंगे परिणाम
परीक्षा समाप्ति के एक महीने के अंदर घोषित होंगे परिणाम, कुलपति की अध्यक्षता में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों की हुई बैठक में निर्णय।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। वहीं संबद्ध महाविद्यालयों में 22 जनवरी से 211 केंद्रों पर परीक्षाएं होंगी। परीक्षाओं को सुचितापूर्वक संपन्न कराने के लिए आठ फ्लाइंग स्क्वॉयड और 15 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। जिनका समन्वय अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं कुलसचिव करेंगे।
परीक्षा की समाप्ति के बाद एक महीने में परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। प्रथम सेमेस्टर की ग्रेडशीट वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। कुलपति प्रो. राजेश सिंह की अध्यक्षता में परीक्षा से संबंधित अधिकारियों की सोमवार को बैठक हुई। परीक्षा के बाद जल्द से जल्द मूल्यांकन करने तथा समय से परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने गोरखपुर के साथ कुशीनगर तथा देवरिया में एक-एक मूल्यांकन केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस परीक्षा में विषयनिष्ठ/व्याख्यात्मक एवं वस्तुनिष्ठ दोनों प्रकार के प्रश्न होंगें।
मूल्यांकन केंद्र व कोआर्डिनेटर तैनात
विश्वविद्यालय कैंपस में तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। प्रो. सुषमा पांडेय, प्रो. श्रीनिवास मणि त्रिपाठी तथा प्रो. हिमांशु पांडेय को सेंटर का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। कुशीनगर में बुद्धा पीजी कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है तथा कॉलेज के प्रिंसिपल को सेंटर सुप्रीटेंडेंट (मूल्यांकन) तथा प्रो. अजय शुक्ला को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। वहीं देवरिया में बीआरडी पीजी कालेज को भी मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है तथा कॉलेज के प्रिंसिपल को सेंटर सुप्रीटेंडेंट (मूल्यांकन) और प्रो. राजेश सिंह को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।
गोरखपुर भेजी जाएंगी वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की उत्तर पुस्तिकाएं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने महाविद्यालयों से उत्तर पुस्तिकाओं को एकत्रित करने के लिए आठ नोडल कलेक्शन सेंटर बनाए हैं, जिसमें चार गोरखपुर, दो देवरिया तथा दो कुशीनगर में स्थापित किए गए हैं। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की उत्तर पुस्तिकाएं सीधे गोरखपुर भेज दी जाएंगी । व्याख्यात्मक प्रश्नों की उत्तर पुस्तिकाओं को नए बनाए गए मूल्यांकन केंद्रों पर भेजा जाएगा। सभी शिक्षकों से कहा गया है कि आंतरिक मूल्यांकन, प्रैक्टिकल का स्कोर 28 फरवरी तक मेल कर दें या विश्विद्यालय के वेबसाइट पर बनाए गए पेज पर अपलोड कर दें।