कुशीनगर: मामूली बात को लेकर आपस में भीड़े दो पक्ष, लाठी से पीटकर वृद्ध को उतारा मौत के घाट
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में मंगलवार शाम को एक हैरान करने वाला सामने आया। यहां जमीन के विवाद में एक बुजुर्ग की लाठी से पीटकर व ईंट से कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस बीच बचाव करने पहुंची पत्नी व बेटी भी गंभीर रुप से घायल हो गईं।
यह घटना पटहेरवा थाने के गांव कोइलसवा महुअवा टोला की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस गांव के लल्लन यादव व अरविंद आदि के बीच जमीन का विवाद चला आ रहा है।
मंगलवार को लल्लन की पत्नी मेवाती उसी जमीन से घास निकाल रही थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसमें मेवाती घायल हो गई।
अधिकारियों ने क्या कहा
लल्लन अपनी पत्नी का इलाज कराने चौराहे पर स्थित एक निजी डॉक्टर के पास चले गए। शाम को पति-पत्नी घर आए। भोजन करने के बाद लल्लन बगल में स्थित अपने घोठे पर सोने चले गए। लल्लन की पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि दिन के झगड़े से खुन्नस खाए दूसरे पक्ष के लोग रात में सोते समय उनके पति को बिस्तर समेत अपने घर उठा ले गए और लाठी-डंडों से पीटकर उनके पति की जान ले ली।
घटना की जानकारी होने पर बुधवार को सुबह एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह और सीओ संदीप वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा घटना की जांच कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का पुलिस को निर्देश दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार आरोपी चिंता पत्नी हीरा यादव, सिंधु पुत्री हीरा, अरविंद पुत्र हीरा और लोचन पुत्र हीरा को गिरफ्तार कर लिए गया है, जबकि मोहन पुत्र हीरा और कन्हैया पुत्र चोकट फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी भी जल्द कर ली जाएगी।