शराब पीने से मना करने पर पत्नी से हुई कहासुनी, पति ने फंदे से लटककर दे दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शराब के नशे में घर आए मजदूर ने कहासुनी के बाद खुदकुशी कर ली। घर में फंदे से लटका शव मिलने के बाद पत्नी के शोर मचाने पर आए आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पत्नी ज्ञांती का आरोप है कि लॉकडाउन के बीच मजदूरी नहीं मिलने से आर्थिक तंगी हो गई थी। उधारी लेकर शराब पीने लगा था, जिसे लेकर झगड़ा होने पर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। प्रधान ने कहा कि सरकारी मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मृतक घनश्याम (40) के दो लड़के व एक लड़की है। बड़े लड़के की शादी कुछ साल पहले की थी और वह पत्नी के साथ अलग रहता है। घनश्याम एक बेटा, एक बेटी और पत्नी ज्ञांती के साथ रहता था। मजदूरी करके जीवन यापन करता था।
लॉकडाउन की वजह से इन दिनों उसे काम नहीं मिल पा रहा था। घर में राशन खत्म होने पर उधारी लेकर सामान लाया था। मगर शराब भी रोजाना पीता था। मना करने पर घर में झगड़ा होता था। सोमवार की रात शराब पीकर घर आया, जिसका पत्नी ने विरोध किया।
शराब की वजह से होता था झगड़ा
विवाद के बाद खाना खाकर वह कमरे में सोने चला गया। मंगलवार की सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर पत्नी ने शोर मचाया। पड़ोसी ने टीनशेड हटाया तो अंदर उसका शव लटका मिला। पत्नी ज्ञान्ती व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ग्राम प्रधान नंद कुमारी देवी के पति सत्य प्रकाश ने बताया कि मृतक के लड़के का मनरेगा का जॉब कार्ड बना है। परिजनों को हरसंभव सरकारी मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
लॉकडाउन में काम ना होने की वजह से रुपये नहीं कमा पाने के बावजूद शराब की लत छोड़ नहीं पा रहा था। पत्नी ज्ञांती ने बताया कि जिस दिन से दुकान खुली है उसी दिन से वह शराब पीकर आता था और उधार रुपये भी ले लिए थे। इस वजह से झगड़ा होता था और उसने खुदकुशी कर ली।
गुलरिहा इंस्पेक्टर मनोज राय ने बताया कि घनश्याम शराब का आदी था। घरेलू विवाद के बाद उसने खुदकुशी की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।