गोरखपुर: हत्या कर फेंकी गई युवती की लाश मिलने से मची सनसनी, शव की नहीं हो सकी पहचान
दुष्कर्म की भी जताई जा रही आशंका, गले, सिर, पीठ पर चोट के निशान मिले, गला कसकर हत्या की आशंका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर के सहजनवां इलाके के सिसई गांव में शुक्रवार की सुबह सिसई- करतहरी मार्ग पर हत्या कर फेंकी गई युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। देखने से उसकी उम्र 22 से 25 वर्षीय लग रही है। शव को चद्दर में बांधकर फेंका गया था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी नार्थ मनोज अवस्थी पुलिस फोर्स, फारेंसिंक व डाग स्क्वाड टीम के साथ मौके पहुंच गए। पुलिन ने युवती के पहचान की कोशिश की लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, सिसई गांव में शुक्रवार की सुबह आठ बजे लोग राप्ती नदी के बांध पर टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर लिप्टस के बगीचे में सफेद चेकदार चद्दर की गठरी पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने चद्दर खोला तो युवती का शव पड़ा था।
घटना की जानकारी होने पर पहुंचे सिसई गांव के पूर्व प्रधान विजय बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सहजनवां थानेदार संजय मिश्र मौके पर पहुंच गए। आसपास के गांववालों को बुलाकर युवती की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलने पर एसपी नार्थ मनोज अवस्थी, सीओ कैंपियरगंज अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। युवती के शरीर पर नीला छीटेदार कुर्ती और काला लैगिंस था। गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को चद्दर में बांधकर लाकर फेंका गया था। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह मालूम होगी। शिनाख्त की कोशिश चल रही है।
पुराना नहीं लग रहा शव
पुलिस अधिकारियों ने शव को देखने के बाद बताया कि 24 घंटे भीतर युवती की हत्या हुई है। गोरखपुर के साथ ही आसपास के जिले की पुलिस को फोटो भेजी गई है। एसपी नार्थ ने बताया कि उम्मीद है कि जल्द ही शिनाख्त कर हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।
महराजगंज की तरफ जाता है रास्ता
सिसई-घघसरा मार्ग पीपीगंज होते हुए महराजगंज जिले की सीमा से लगता है। अंधेरा होने के बाद इस रास्ते आवाजाही कम हो जाती है। स्थानीय लोग ही आते-जाते हैं। इसको देखते हुए पुलिस आसपास के गांव में पता कर रही है।
शव को लाकर फेंके जाने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि कहीं और पर वारदात करने के बाद शव को लाकर फेंका गया है। पुलिस आसपास के जिलों से लापता हुई युवती के बारे में जानकारी जुटा रही है ताकि पहचान होने के बाद घटना का पर्दाफाश किया जा सके।