Gorakhpur News: सीएम की सख्ती से जगी उम्मीद...नहीं होगा डीजे का शोर, राहत मिलेगी चहुंओर
व्यापारी अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि कोई गली या मोहल्ला इससे अछूता नहीं है। कहीं पर डीजे बज रहा हो तो वहां से गुजरने में कलेजा कांप जाता है। जिन जगहों पर ज्यादा इस्तेमाल होता होगा वहां के लोगों के लिए बड़ी मुसीबत है।
विस्तार
गोरखपुर शहर के लोगों को डीजे के तेज आवाज से राहत मिलने वाली है। अब सुकून के साथ कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे। शोर-शराबा से बचने के लिए लोगों को कानों में रूई नहीं लगानी पड़ेगी। प्रतिमा विसर्जन और जुलूस के दौरान तेज आवाज डीजे बजाने पर सीएम योगी आदित्यनाथ के सख्ती के निर्देश से लोगों ने राहत की सांस ली है। बसंतपुर में बैठक कर लोगों ने खुशी जताते हुए सीएम के प्रति आभार जताया है।
शहर में प्रतिमा विसर्जन, जुलूस और अन्य कार्यक्रमों में तेज आवाज में डीजे बजाने से लोगों को परेशानी होती है। इससे सबसे ज्यादा परेशान बसंतपुर मोहल्ले के लोग थे। लोगों की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया।
शुक्रवार को दिनभर इसकी चर्चा चलती रही। रात साढ़े आठ बजे लोगों ने डॉ. पवन कुमार के घर पर बैठक की। कहा कि हम लोगों की मांग को प्रशासन व शासन ने मान लिया। इससे बहुत राहत मिलेगी।
अब जिम्मेदारी अधिकारियों की है कि इस पर अमल कराएं, ताकि तेज आवाज से राहत मिल सके। बैठक में डॉ. पवन कुमार, हृदेश चंद्र, ऋषिकेश विश्वकर्मा, सत्यम यादव और सैयद एजाज रिजवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एक दो मोहल्ले नहीं, सबको मिलेगी राहत
अध्यापक गौरव राय ने कहा कि डीजे की तेज आवाज से हर किसी को परेशानी होती है। आए दिन किसी न किसी मोहल्ले में तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है। इससे एक दो मोहल्ले नहीं, बल्कि हर किसी को राहत मिलेगी।
व्यापारी रविंद्रनाथ निषाद ने कहा कि डीजे की तेज आवाज से हर किसी को परेशानी होती है। प्रतिमाएं जब विसर्जन के लिए जाती हैं तो दिक्कत होती है। इसके अलावा जुलूस और शोभायात्रा में डीजे बजाया जाता है। इस पर रोक जरूरी है।
व्यापारी अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि कोई गली या मोहल्ला इससे अछूता नहीं है। कहीं पर डीजे बज रहा हो तो वहां से गुजरने में कलेजा कांप जाता है। जिन जगहों पर ज्यादा इस्तेमाल होता होगा वहां के लोगों के लिए बड़ी मुसीबत है।