फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   CM Yogi gave a big gift of projects worth 1822 crores to Gorakhpur said UP is moving on path of development

UP: गोरखपुर को सीएम योगी ने दी 1822 करोड़ की परियोजनाओं की बड़ी सौगात, बोले- विकास के पथ पर बढ़ रहा यूपी

Sun, 27 Nov 2022 09:06 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर Published by: Vikas Kumar Updated Sun, 27 Nov 2022 09:06 PM IST
सार

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर वासियों को 1822 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगत दी। साथ ही उन्होंने समाज के प्रबुद्ध लोगों से संवाद किया।

विज्ञापन
CM Yogi gave a big gift of projects worth 1822 crores to Gorakhpur said UP is moving on path of development
योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र व राज्य में समान विचारधारा की, डबल इंजन की सरकार होने से ही उत्तर प्रदेश में तीव्र गति से विकास संभव हो पा रहा है। जब स्थानीय स्तर पर भी उसी पार्टी की, समान विचारधारा की सरकार होती है, तो ट्रिपल इंजन की सरकार बुलेट ट्रेन की रफ्तार से विकास कार्यों को आगे बढ़ाती है। गोरखपुर में ऐसी ही ट्रिपल इंजन की सरकार है।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी रविवार की शाम 1822 करोड़ रुपये की लागत वाली फ्लाईओवर, फोरलेन, जलनिकासी और सीवरेज से जुड़ी चार प्रमुख विकास परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन


वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिले में सभी नौ विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और महापौर भाजपा का होने का ही परिणाम रहा कि यहां द्रुत गति से विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। हम सबको यह सुनिश्चित करना होगा कि विकास की यह गति थमने न पाए।
विज्ञापन
विज्ञापन


सीएम ने कहा कि विकास कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है। विकास की प्रक्रिया से जुड़ना, हो चुके कार्यों का संरक्षण करना और जो हो रहा है, उसे समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नागरिकों की भी है।

उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता। विकास से ही नागरिकों के जीवन में परिवर्तन आता है, रोजगार का सृजन होता है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं में मानक व गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए इन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।

पहले माफिया-अराजकता, अब विकास का मॉडल बना गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले माफिया, अराजकता और अव्यवस्था के लिए बदनाम गोरखपुर को प्रदेश सरकार ने विकास के मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया है। 2017 के पहले तक यहां का स्वास्थ्य तंत्र चरमराया हुआ था। आज यहां एम्स है तो बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं।

वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में 1822 करोड़ रुपये की लागत वाली फ्लाईओवर, फोरलेन, जलनिकासी और सीवरेज से जुड़ी चार प्रमुख विकास परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह के दौरान सीएम ने कहा कि 1990 में बंद खाद कारखाना की जगह नया कारखाना 105 प्रतिशत की दर से खाद उत्पादन कर रहा है। यह अन्नदाता किसानों के लिए रामबाण का काम कर रहा है।

खाद कारखाना परिसर में ही सैनिक स्कूल बन रहा है जो अगले सत्र में प्रारंभ हो जाएगा। गोरखपुर में हर मार्ग फोरलेन है तो गोरखपुर-लखनऊ मार्ग सिक्स लेन होने जा रहा है। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन से वाराणसी की दूरी ढाई-तीन घंटे में सिमट गई है। सड़कों की कनेक्टिविटी से जाम की समस्या का भी समाधान हो रहा है।

सीएम ने कहा कि गोरखपुर में शानदार एयर कनेक्टिविटी भी उपलब्ध है। यहां से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु आदि प्रमुख शहरों के लिए 14 फ्लाइट की सेवाएं हैं। सरकार यहां नए एयरपोर्ट के लिए धनराशि उपलब्ध करा रही है। मानसरोवर, सूर्यकुंड, मुक्तेश्वरनाथ, जटाशंकर और मोहद्दीपुर के गुरुद्वारा समेत सभी धर्मस्थल दर्शनीय बन चुके हैं। आठ-दस साल पहले तक अपराध का गढ़ रहा रामगढ़ताल सबसे सुंदर स्थल के रूप में विकसित हुआ है। यहां अब फिल्मों की शूटिंग हो रही है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में चार विश्वविद्यालय क्रियाशील हैं। एम्स और मेडिकल कॉलेज के साथ ही यहां बड़ी संख्या में अस्पताल और हजारों निजी चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हैं। गोरखपुर शिक्षा व चिकित्सा का हब बन चुका है। गोरखपुर में निवेश आ रहा है। स्थानीय युवाओं को यहीं नौकरी व रोजगार मिल रहा है तो देश दुनिया के लोग भी नौकरी और रोजगार के लिए यहां आ रहे हैं।

विकास कार्यों में नागरिकों ने बढ़ चढ़कर किया सहयोग
मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर के नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के नागरिकों ने विकास कार्यों में कभी बाधा नहीं डाली। जब भी सड़कों के चौड़ीकरण की बात आई तो लोग अपने घरों, प्रतिष्ठानों के हिस्से को देने के लिए तैयार हो गए। असुरन-मेडिकल कॉलेज फोरलेन, एयरफोर्स-सर्किट हाउस फोरलेन, मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया फोरलेन इसका प्रमाण है।

17 वार्डों में जलभराव-सीवर की समस्या होगी दूर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जिन चार प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया उसमें शहर का सबसे लंबा (करीब 10 किमी) गोड़धोइया नाला भी शामिल है। इस नाले के निर्माण से 17 वार्ड के 50 से अधिक मोहल्लों में जलभराव व सीवर की समस्या का समाधान हो जाएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना पर काम शुरू होने के बाद यह नाला न केवल अतिक्रमण मुक्त होगा बल्कि इससे 17 वार्डों की करीब दो लाख की आबादी के लिए सीवरेज व जलभराव की समस्या का समाधान होगा।

उन्होंने बताया कि 474 करोड़ से अधिक की इस परियोजना में 19.5 किमी इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन, 38 एमएलडी की एक एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) 61 एमएलडी एमपीएस (मॉलिक्यूलर प्रॉपर्टी स्पेक्ट्रोमेट्री), 19.5 किमी आरसीसी नाला निर्माण व 22 ब्रिज/कल्वर्ट आदि के कार्य प्रस्तावित हैं। इसके तहत कुल 17 वार्ड के लोग सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

इनमें बिछिया जंगल तुलसीराम पश्चिमी, शिवपुर शहबाजगंज, जंगल शालिग्राम, बिछिया जंगल तुलसीराम पूर्वी, रेलवे बिछिया कॉलोनी, शाहपुर, भेड़ियागढ़, घोसीपुरवा, सेमरा, बशारतपुर, मानबेला, राप्तीनगर, लोहिया नगर, जंगल नकहा, राम जानकी नगर, शक्तिनगर एवं चक्सा हुसैन से जनित सीवेज जो नाले में बहते हैं, उन्हें प्रस्तावित 38 एमएलडी एसटीपी पर शोधित कर रामगढ़ताल में प्रवाहित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलभराव व सीवरेज की समस्या का समाधान होने से एक्यूट इंसेफेलाइटिस जैसी जलजनित बीमारियों से भी निजात मिलेगी।

21 वार्डों में बनेगा सीवरेज नेटवर्क
गोरखपुर सीवरेज योजना जोन सी पार्ट-2 की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तहत जंगल बेनीमाधव, पुराना गोरखपुर, कल्याणपुर, सिविल लाइंस, रामजानकी नगर, चक्सा हुसैन, जनप्रिय विहार, सूर्यकुंड समेत 21 वार्डों के लिए सीवरेज नेटवर्क तैयार किया जाएगा। 188 किमी सीवर लाइन बिछाते हुए 44 हजार घरों को सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

जाम की समस्या का होगा समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरगदवा-कौवाबाग जेल बाईपास फोरलेन पर स्थित खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर बन जाने से यहां लगने वाली जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा। इसी प्रकार भटहट से बासस्थान मार्ग के फोरलेन में चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण से प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय पहुंचना आसान हो जाएगा। शहर से आयुष विश्वविद्यालय दस मिनट में पहुंचा जा सकेगा।

सीएम ने विकास कार्यों से विरोधियों की बोलती बंद कर दी : रविकिशन
शिलान्यास समारोह में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ विरोधियों के पास अब बोलने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने विकास कार्यों से विरोधियों की बोलती बंद कर दी है। कार्यों के दम पर ही गुजरात के चुनाव में भी योगी की जय जयकार हो रही है। सांसद ने कहा कि आज किसी गुंडे-माफिया की हिम्मत नहीं है कि वह किसी की जमीन कब्जा कर ले या किसी कारोबारी से रंगदारी मांग ले। इस अवसर पर मेयर सीताराम जायसवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, कृषि एवं उद्यान विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शिलान्यास से पूर्व मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, जलनिगम और सेतु निगम द्वारा लगाए गए प्रोजेक्ट स्टालों का भी निरीक्षण किया।

इन विकास परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
1. गोड़धोइया नाला एवं रामगढ़ताल के जीर्णोद्धार तथा नाले के इंटरसेप्शन, डायवर्जन व ट्रीटमेंट के निर्माण से संबंधित परियोजना। लागत : 474.42 करोड़ रुपये।
2. गोरखपुर सीवरेज योजना जोन सी पार्ट-2। लागत : 561.34 करोड़ रुपये।
3. बरगदवां-कौवाबाग जेल बाईपास फोरलेन पर खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर। लागत : 96.50 करोड़ रुपये।
4. भटहट से बासस्थान मार्ग के फोरलेन में चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य। लागत : 689.35 करोड़ रुपये।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed