Gorakhpur: माफिया विनोद और उसके भाई समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 25 से बढ़ाकर 50 हजार किया गया इनाम
पुलिस ने माफिया विनोद उसके भाई समेत छह के खिलाफ बलवा,धमकी के साथ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर माफिया की तलाश कर रही है। उधर माफिया पर गोरखपुर पुलिस इनाम की धनराशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार कर दी है।
विस्तार
गोरखपुर में गुलरिहा पुलिस ने माफिया विनोद उपाध्याय उसके भाई संजय समेत छ: के खिलाफ जमीन हड़पने की नियत से धमकी देकर भू स्वामी से रंगदारी मांगने का केस दर्ज किया है। इससे पहले 24 मई को एडीजीसी क्रिमिनल प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने गुलरिहा थाने में माफिया विनोद समेत पांच के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराया था। गोरखपुर पुलिस ने माफिया पर शिकंजा कसने के लिए इनाम की धनराशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार कर दिया है।
गोरखपुर निवासी राजकुमार श्रीवास्तव ने गुलरिहा पुलिस को बताया कि उसकी 1 एकड़ 62 डिसमिल पुस्तैनी जमीन इलाके के सलेमपुर मुगलपुर में स्थित है। जो भूमिधर के नाम दाखिल खारिज है। 10 मार्च 2023 की शाम छह बजे अपनी उक्त जमीन पर हैंड पंप गड़वाने के लिए मजदूर को दिखाने पहुंचा तो उसी समय विनोद उपाध्याय अपने भाई संजय उपाध्याय,बाबू नंदन यादव,रमेश शर्मा तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ पहुंच कर धमकाते हुए गाली गुप्ता देते हुए कहा कि यह जमीन मेरे नाम रजिस्ट्री कर दो, मैं जमीन बेचकर तुम्हे कुछ रुपए दे देंगे।
विरोध करने पर उसी जमीन में पीड़ित का कब्र खोदने की धमकी दिया। जब भी पीड़ित जमीन पर बाउंड्री कराने जाता माफिया के गुर्गे उसकी बाउंड्री गिरा देते और कहते है कि अगर किसी और को जमीन बेचोगे या बाउंड्री करवाओगे तो यही कब्र बना दूंगा या तो जमीन दे दो या 50 लाख रंगदारी दो नहीं तो जमीन को भूल जाओ। पीड़ित ने शनिवार को गुलरिहा पुलिस से गुहार लगाई तो गुलरिहा पुलिस ने माफिया विनोद उसके भाई समेत छह के खिलाफ बलवा,धमकी के साथ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर माफिया की तलाश कर रही है। उधर माफिया पर गोरखपुर पुलिस इनाम की धनराशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार कर दी है।