{"_id":"5fbfd0f28ebc3e1a27224290","slug":"before-khichdi-fair-fourlane-work-of-bargadwan-will-be-completed","type":"story","status":"publish","title_hn":"खिचड़ी मेले के पहले बरगदवां तक पूरा हो जाएगा फोरलेन का काम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खिचड़ी मेले के पहले बरगदवां तक पूरा हो जाएगा फोरलेन का काम
Thu, 26 Nov 2020 09:29 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर
Published by: Vikas Kumar
Updated Thu, 26 Nov 2020 09:29 PM IST
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : amar ujala
दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम को एनेक्सी भवन सभागार में अफसरों के साथ बैठक खिचड़ी मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। श्रद्धालुओं के दिक्कत न हो इसलिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अफसरों को हर हाल में 10 जनवरी तक बरगदवां तक मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया फोरलेन का काम पूरा कर लेने का निर्देश दिया। इसी तरह उन्होंने बिजली निगम को मंदिर रोड पर चल रहे अंडरग्राउंड केबलिंग के साथ ही जर्जर तारों को बदलने का का काम 20 दिसंबर तक पूरा कर लेने को कहा। उन्होंने चेताया कि इन दोनों कामों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर मकर संक्रान्ति मेले की सभी तैयारी की जाए। मेले में सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स के अनुसार सभी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। कोवडि- 19 प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन करते हुए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा एवं व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मेले में भीड़ को नियंत्रित करने तथा सुरक्षा आदि की तैयारी पुलिस प्रशासन सुनिश्चित करे। वाहन पार्किंग स्थल में खड़े हों। वहां प्रकाश एवं साफ- सफाई की व्यवस्था हो।
विज्ञापन
उन्होंने नगरनिगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जंगल कौड़िया-मोहद्दीपुर फोरलेन के निर्माण कार्य की वजह से आस -पास के मुहल्लों में जलजमाव की समस्या न हो इसके लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि शहर में साफ सफाई एवं स्वच्छता बेहतर की जाए। मुख्यमंत्री ने सभी रैन बसेरों को ठीक कराने के साथ ही वहां साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में एडीजी दावा शेरपा, डीआईजी राजेश डी मोदक, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, जीडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह समेत कई विभागों के अफसर मौजूद रहे।
विज्ञापन
रोशनी व अलाव के पर्याप्त इंतजाम हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि ठंड बढ़ रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं समेत जिले के किसी भी व्यक्ति को दिक्कत न हो इसलिए जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की जाए। मेले के दौरान मंदिर परिसर में भी अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि रोशनी के पूरे इंतजाम हो। उन्होंने जीडीए, लोनिवि, नगर निगम तथा राष्ट्रीय राजमार्ग को सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया।
मेले में लगेगा स्वास्थ्य कैंप, केरोसिन और खाद्यान्न बंटेगा
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य विभाग, मेला के दौरान कैम्प लगाए। इसी तरह आपूर्ति विभाग केरोसिन एवं खाद्यान्न का वितरण कराए ताकि दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को इलाज व खाने की दिक्कत न हो। वन विभाग को उन्होंने जलौनी लकड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।
आकाशवाणी व दूरदर्शन पर मेले का लाइव प्रसारण
मकरसंक्रांति वाले दिन पूजन एवं मेले का आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण होगा। इस संबंध में उन्होंने डीएम को व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए जागरूक करने के साथ ही पर्व के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने निर्देश दिया है कि मेले के दौरान परिवहन विभाग बसों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था करें, नागरिक सुरक्षा एवं अन्य स्वयं सेवी संस्थाएं भी अपना योगदान दें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी रैन बसेरों को ठीक करायें तथा रैनबसेरों में सफाई आदि की व्यवस्था बेहतर हो।
बैठक में एडीजी दावा शेरपा, डीआईजी राजेश मोदक, जिलाधिकारी के. विजयेन्द पाण्डियन, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।