Gorakhpur News: सीएम योगी ने कहा, सन 2000 के पहले यहां नहीं थी आईसीयू की सुविधा, आज एम्स, आधुनिक बीआरडी
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल में कैंसर सिकाई की चतुर्थ अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी मशीन का लोकार्पण करने के बाद गीता वाटिका सभागार में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि चिकित्सा संस्थान के लिए दो बातें महत्वपूर्ण होती हैं। पहला अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और दूसरा मानवीय व्यवहार। संस्थान में चिकित्सक, पैरामेडिकल, नर्सिंग और हर व्यवस्था से जुड़े स्टाफ में रोगी के प्रति संवेदना का भाव होना चाहिए।
विस्तार
धर्मार्थ संस्थाओं को भी इसी तरह चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र काम करने की आवश्यकता है। सरकार और अन्य संस्थाएं साथ मिलकर बेहतरीन सुविधाएं दे सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल में कैंसर सिकाई की चतुर्थ अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी मशीन का लोकार्पण करने के बाद गीता वाटिका सभागार में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि चिकित्सा संस्थान के लिए दो बातें महत्वपूर्ण होती हैं। पहला अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और दूसरा मानवीय व्यवहार। संस्थान में चिकित्सक, पैरामेडिकल, नर्सिंग और हर व्यवस्था से जुड़े स्टाफ में रोगी के प्रति संवेदना का भाव होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए अनुसंधान का लाभ नागरिकों को मिले, इसकी निरंतर पहल होती रहनी चाहिए। आज के समय में लोगों की भुगतान क्षमता बढ़ी है और साथ ही सरकार के स्तर पर तमाम सुविधाएं मिल रही हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता राशि से लाखों लोगों को लाभ हुआ है।
ऐसे में लोग अच्छी सुविधा भी चाहेंगे। साथ ही चिकित्सा व्यवस्था से जुड़ी पूरी टीम को संवेदना से परिपूर्ण होना चाहिए। इस अवसर पर विधायक विपिन सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, कालीबाड़ी के महंत रविन्द्र दास आदि उपस्थित रहे
मुख्यमंत्री ने हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल की इस बात के लिए सराहना की कि इस अस्पताल ने समय की गति को पकड़ा और उसके अनुरूप प्रौद्योगिकी को अपनाया। उन्होंने कहा कि यह कैंसर अस्पताल 2013 से लगातार नई प्रौद्योगिकी को अपनाते हुए एक के बाद एक चार अत्याधुनिक मशीन लगाकर मरीजों को इलाज की उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही एक टेक्नोलॉजी थोड़ी पुरानी हो रही है, नई टेक्नोलॉजी को अपनाया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में नई पहचान बनाने वाले हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल अगले वर्ष 50 वर्ष पूर्ण कर स्वर्ण जयंती समारोह मनाएगा। यह अवसर होगा उपलब्धियों को संजोने और भविष्य में और बेहतरीन करने की कार्ययोजना बनाने का।
उन्होंने कहा कि सरकार अस्पताल के किसी भी महत्वपूर्ण अभियान में भरपूर मदद करने को तत्पर है।
इलाज में सरकार दे रही पूरा साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जब किसी व्यक्ति को कैंसर होता था तो उसका पूरा परिवार त्रासदी में आ जाता था। जब तक मरीज को पता चलता था तब तक कैंसर की लास्ट स्टेज होती थी। आज लोगों के पास उत्तम आरोग्यता प्राप्त करने की क्षमता है, साथ ही प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता भी।
सरकार इलाज में लोगों का पूरा साथ दे रही है। अब जरूरत है कि इसके प्रति समाज को जागरूक किया जाए।
भाई जी और राधा बाबा के आदर्शों को किया नमन
हनुमान प्रसाद पोद्दार ‘भाई जी’ और उनके अनन्य सहयोगी श्री राधा बाबा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों का पूरा जीवन लोक कल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने नर सेवा को ही नारायण सेवा माना। उन्होंने कहा कि गरीब व पीड़ित की सेवा करना ही मानवता की सच्ची सेवा होती है।
भाई जी और राधा बाबा के आदर्शों पर चलकर यह कैंसर अस्पताल 50 वर्ष से लोगों की सेवा कर रहा है। लोकार्पण समारोह में कैंसर अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ एचआर माली व हनुमान प्रसाद पोद्दार स्मारक समिति के ट्रस्टी विष्णु प्रसाद अजितसरिया ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
हनुमान प्रसाद पोद्दार स्मारक समिति के संयुक्त मंत्री रसेंदु फोगला ने कैंसर अस्पताल की प्रगति यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना तथा मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता योजना से यहां अब तक 18 हजार से अधिक रोगियों का मुफ्त इलाज हुआ है। आभार ज्ञापन हनुमान प्रसाद पोद्दार स्मारक समिति के मंत्री उमेश कुमार सिंहानिया ने किया।
इस अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, हनुमान प्रसाद पोद्दार स्मारक समिति के ट्रस्टी अतुल सराफ, प्रमोद मातनहेलिया, कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास आदि उपस्थित रहे।
अत्याधुनिक कैंसर सिकाई मशीन का अवलोकन किया सीएम ने
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान में फीता काटकर कैंसर सिकाई की अत्याधुनिक मशीन का लोकार्पण करने के बाद मशीन का अवलोकन किया और वहां मौजूद विशेषज्ञ चिकित्सक से इसके बारे में जानकारी प्राप्त की। मशीन लोकार्पण के बाद हनुमान प्रसाद पोद्दार व उनके अनन्य सखा श्रीराधा बाबा की समाधि स्थल पर पुष्पार्चन और गीता वाटिका मंदिर में पूजन-अर्चन किया।