{"_id":"682b7f7e63d6fd718501f9b9","slug":"an-international-cricket-stadium-will-be-built-in-tal-nador-at-a-cost-of-rs-236-crore-gorakhpur-news-c-7-gkp1038-941858-2025-05-20","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP: गोरखपुर में बनेगा सूबे का चौथा इंटरनेशनल स्टेडियम, 50 एकड़ में होगा फैला- 236 करोड़ रुपये होंगे खर्च","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: गोरखपुर में बनेगा सूबे का चौथा इंटरनेशनल स्टेडियम, 50 एकड़ में होगा फैला- 236 करोड़ रुपये होंगे खर्च
Tue, 20 May 2025 12:29 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
Published by: गोरखपुर ब्यूरो
Updated Tue, 20 May 2025 12:29 AM IST
सार
स्टेडियम को ईपीसी मोड पर बनाए जाने की तैयारी है। इसके अंतर्गत स्टेडियम परिसर में एंट्री गेट्स, सिक्योरिटी चेक प्वॉइंट्स, ईस्ट व वेस्ट स्टैंड और नॉर्थ व साउथ पवेलियन का निर्माण किया जाएगा। परिसर में 1500 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था भी होगी। ईस्ट स्टैंड में 14,490 और वेस्ट स्टैंड में 14,490 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
विज्ञापन
बनने के बाद ऐसा दिखेगा इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड
- फोटो : स्त्रोत- सूचना
विस्तार
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नियोजन विभाग ने इसका विस्तृत खाका तैयार किया है। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर बेलीपार क्षेत्र में स्थित ताल नदोर में 236.40 करोड़ रुपये की लागत से 50 एकड़ भूमि पर स्टेडियम बनेगा। 18 महीने में निर्माण कार्यों को पूरा किया जाएगा।
विज्ञापन
स्टेडियम के मुख्य परिसर का निर्माण 45 एकड़ में होगा जबकि पांच एकड़ में अन्य सुविधाओं का विकास होगा। यह स्टेडियम एयरपोर्ट से 23.6 किमी, राप्तीनगर बस अड्डे से 22 किमी और गोरखपुर जंक्शन से 20.8 किमी की दूरी पर स्थित होगा। बेहतर कनेक्टिविटी के लिहाज से इसे संपर्क मार्ग के जरिए गोखपुर-वाराणसी फोरलेन से जोड़ा जाएगा।
विज्ञापन
आईसीसी समेत विभिन्न वैश्विक संस्थाओं के मानकों के अनुसार इस दो मंजिला क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण होगा। इसमें सात मुख्य पिच और चार प्रैक्टिस पिच होंगी। 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम मल्टीपर्पज यूज मॉड्यूल पर बनेगा, यानी यहां इंटरनेशनल क्रिकेट मैच के साथ ही अन्य बड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा सकेगा।
विज्ञापन
दो पवेलियन और 1500 गाड़ियों की पार्किंग
स्टेडियम को ईपीसी मोड पर बनाए जाने की तैयारी है। इसके अंतर्गत स्टेडियम परिसर में एंट्री गेट्स, सिक्योरिटी चेक प्वॉइंट्स, ईस्ट व वेस्ट स्टैंड और नॉर्थ व साउथ पवेलियन का निर्माण किया जाएगा। परिसर में 1500 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
ईस्ट स्टैंड में 14,490 और वेस्ट स्टैंड में 14,490 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। यानी, इन दोनों स्टैंड्स में 28980 दर्शक बैठ सकेंगे। दोनों स्टैंड में ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। यहां दर्शकों के लिए कॉनकोर्स, टॉयलेट, पेयजल व्यवस्था, सर्विस रूम, फर्स्ट एड रूम, मर्केंडाइज स्टोर, वीडियो बोर्ड व मिड विकेट कैमरा प्लैटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा।
दोनों फ्लोर पर होंगे ये इंतजाम
नॉर्थ पवेलियन में 208 वीआईपी सीट वाली गैलरी व 382 सीट वाली मीडिया व ब्रॉडकास्टर्स गैलरी बनेगी। यहां ग्राउंड फ्लोर पर मीडिया एंट्रेंस लॉबी, ब्रॉडकास्टिंग कंट्रोल रूम, इक्विप्मेंट्स स्टोर रूम, किचन, स्टोर, सर्विसेस व यूटिलिटी एरिया बनेगा।
पहले फ्लोर पर स्टेडियम सिक्योरिटी ऑफिसेस का निर्माण होगा जिसमें पुलिस, ब्रॉडकास्टिंग स्पॉन्सर रूम, मीडिया लाउंज व सर्विस व यूटिलिटी एरिया का निर्माण होगा। दूसरे फ्लोर पर रिटन प्रेस ट्रिब्यून, टीवी व रेडियो कमेंटेटर बॉक्स और मीडिया डाइनिंग एरिया का निर्माण होगा।
साउथ पवेलियन में होगा प्लेयर्स का ड्रेसिंग रूम
स्टेडियम की छत पर मेन कैमरा प्लैटफॉर्म का भी निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार, साउथ पवेलियन में प्लेयर्स के ड्रेसिंग रूम व प्लेयर्स-मैच ऑफिशियल्स एरिया बनेगा। यहां पर भी वीआईपी और वीवीआईपी गैलरी का निर्माण होगा जिसकी क्षमता 1708 की होगी।
यहां ग्राउंड फ्लोर पर प्लेयर्स लाउंज, प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम, प्लेयर व मैच ऑफिशियल चेंजिंग रूम (ड्रेसिंग रूम), डोपिंग कंट्रोल रूम, फर्स्ट एड रूम, वीवीआईपी एंट्रेंस लॉबी और मेन स्टेडियम किचन समेत विभिन्न सुविधाओं का निर्माण व विकास होगा।
ताल नदौर में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम का डिजाइन फाइनल हो चुका है। अब इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से गोरखपुर की पहचान और मजबूत होगी। इससे गोरखपुर में खेल के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा: कृष्णा करुणेश, डीएम