यूपी क्राइम: गोरखपुर जोन के 514 हिस्ट्रीशीटर लापता, एडीजी ने तलाशने के दिए आदेश
एडीजी के आदेश पर जोन के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, देवीपाटन, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा के हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया जा रहा है।
विस्तार
गोरखपुर में बदमाशों की निगरानी के बीच ही 514 हिस्ट्रीशीटर लापता मिले हैं। गोरखपुर जोन के 11 जिलों के कुल 8074 हिस्ट्रीशीटरों में से 514 के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल रही है। वर्तमान में ये कहां हैं और क्या कर रहे हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल रही है। एडीजी अखिल कुमार ने इसे लेकर बीट पुलिस अधिकारियों को नए सिरे से जांच का निर्देश दिया है।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव करीब है। इसमें हिस्ट्रीशीटर कोई खलल न डालें, इसके लिए पुलिस की ओर से इनकी धरपकड़ की जाती है। एडीजी के आदेश पर जोन के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, देवीपाटन, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा के हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया जा रहा है। वह कहां हैं, क्या कर रहे हैं, इसकी पूरी जानकारी पुलिस को जुटानी है। इस सत्यापन के दौरान ही सामने आया है कि 514 हिस्ट्रीशीटर लापता है।
- जोन में कुल हिस्ट्रीशीटर : 8074
- जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर : 614
- अन्य जिलों में जाकर रहने वाले हिस्ट्रीशीटर : 1112
एडीजी जोन अखिल कुमार ने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों की नए सिरे से सूची बनाकर निगरानी का निर्देश दिया गया है। बीट पुलिस अधिकारी उनकी नियमित निगरानी करेंगे। सभी हिस्ट्रीशीटर के बारे में सही जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस को खोजे नहीं मिल रहा हिस्ट्रीशीटर पवन, टीम लौटी
गोरखनाथ थाने के हिस्ट्रीशीटर पवन सिंह की तलाश में लखनऊ गई पुलिस टीम खाली हाथ ही लौट आई। पुलिस उसे खोजने का दावा कर रही है, जबकि सोशल मीडिया पर वह लगातार पोस्ट अपडेट कर रहा है। इसका सीधा मतलब है कि पुलिस उसे पकड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। खबर है कि साइबर टीम की मदद से यह आसानी से पता चल सकता है कि वह कहां से पोस्ट कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 14 जनवरी की रात में फेसबुक लाइव पर आकर हिस्ट्रीशीटर पवन सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल होने के बाद आर्य मंडल भाजपा के अध्यक्ष ने गोरखनाथ थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने पूजा के स्थान पर अमर्यादित टिप्पणी करने सहित अन्य कई धाराओं में केस दर्ज किया था।
एसएसपी के आदेश पर उसकी तलाश में एक टीम लखनऊ भी रवाना हुई थी। लेकिन, टीम के हाथ कुछ नहीं लगा। इसी बीच बुधवार केे पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की छोटू बहू अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने पर पवन ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। सीओ गोरखनाथ रत्नेश सिंह ने बताया कि लखनऊ गई टीम को सफलता नहीं मिली है। टीम अब अन्य जगहों पर तलाश कर रही है।