महराजगंज: आंखों में बढ़ रहा संक्रमण, रोज आ रहे 50 मरीज
मौसम में आए बदलाव से बढ़े मामले, नेत्र रोग विशेषज्ञ बोलेः समय पर इलाज कराने से दूसरों में नहीं फैलता संक्रमण।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महराजगंज जिले में डेंगू, वायरल के बीच अब आंखों में संक्रमण से लोग परेशान हैं। धूप और बारिश के मिले-जुले असर से कंजक्टिवाइटिस के मरीज 10 फीसदी बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल में रोजाना 50 मरीज इसका इलाज करा रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञों का कहना है कि मर्ज बढ़ने से पहले ही इलाज करा लें। जिससे, संक्रमण का परिवार के दूसरे लोगों में भी प्रसार न हो पाए। अगस्त और सितंबर में बारिश के मौसम के कारण आंखों में कंजक्टिवाइटिस व पिंक आई की शिकायत होने लगती है। इस मौसम में कभी एकाएक तेज गर्मी पड़ती है। कभी तेज बारिश होने लगती है।
मौसम के इस असंतुलन के कारण बैक्टीरिया और वायरस सक्रिय होकर आंख में संक्रमण फैलाने लगते हैं। बैक्टीरिया और वायरस का संक्रमण अधिकतर पहले एक आंख में होता है। कुछ दिनों बाद दूसरी आंख में फैल जाता है। घर में एक रोगी से दूसरों में भी फैलने लगता है। इन दिनों कंजक्टिवाइटिस और पिंक आई के मामलों में 10 फीसदी का इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल में दो नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। हर आई स्पेशिलिस्ट के पास रोजाना 20 से 25 मरीज इस बीमारी के पहुंच रहे हैं।
ये हैं लक्षण
- आंख लाल हो जाना।
- आंख से पानी आना।
- कीचड़ आना, चुभन व दर्द होना।
- सुबह उठने पर आंख चिपक जाना।
इन बातों का रखें ध्यान
- आंख की सफाई रखें।
- दिन में 4-5 बार पानी से आंख धोएं।
- आंख को उंगली से न खुजाएं।
- साफ कपड़े का इस्तेमाल करें।
- गाड़ी चलाते समय चश्मा, हेल्मेट लगाएं।
महराजगंज जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएन वर्मा ने बताया कि बारिश में कंजक्टिवाइटिस के मामले 10 फीसदी बढ़ गए हैं। इस बीमारी में जितना जल्दी इलाज करा लें वही ठीक है, क्योंकि कंजक्टिवाइटिस परिवार में एक से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैलता है। प्रत्येक दिन कम से कम 50 मरीज इस समस्या से पीड़ित आ रहे हैं।