आय-जाति व निवास प्रमाणपत्र: गोरखपुर में 28 हजार आवेदन लटके, तहसील का चक्कर काट रहे अभ्यर्थी
सदर तहसीलदार विकास सिंह ने कहा कि तीन दिनों तक ई-डिस्ट्रिक्ट का सर्वर पूरे प्रदेश में काम नहीं कर रहा था। पुलिस भर्ती के आवेदन के लिए अभ्यर्थियों की ओर से प्रमाणपत्र के लिए भारी संख्या में आवेदन आ गए। 28 दिसंबर को आठ हजार और 29 दिसंबर को पांच हजार आवेदन आए, इसके चलते सर्वर पर लोड बढ़ गया।
विस्तार
गोरखपुर सदर तहसील में आय-जाति और निवास प्रमाणपत्र के करीब 28 हजार से ज्यादा आवेदन लटके हुए हैं। इसके चलते पुलिस भर्ती परीक्षा और छात्रवृत्ति का आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। तहसील प्रशासन की ओर से बताया जा रहा है कि तीन दिनों तक सर्वर के काम न करने और अब उसके स्लो होने से आवेदन लंबित हुए हैं।
हालात यह कि सप्ताह भर में जहां प्रमाणपत्र बन जाने चाहिए, एक महीने से ज्यादा समय होने के बाद अभी तक आवेदन लेखपाल तक ही नहीं पहुंच पाए हैं। अभ्यर्थी लेखपाल से लेकर तहसीलदार कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन प्रमाणपत्र नहीं मिल पा रहा है।
बुधवार की दोपहर एक बजे थे। तहसील के काउंटर नंबर 16 के बाहर प्रमाणपत्र लेने वालों की भीड़ लगी थी। काफी समय तक इंतजार करने के बाद उन्हें निराशा ही हाथ लगी। नौसड़ इलाके से आए विकास एक काउंटर से दूसरे काउंटर पर आय प्रमाणपत्र की जानकारी लेने के लिए परेशान थे। फिर उन्हें बताया गया कि लेखपाल के पास जाइए, वहीं पता चल पाएगा।
इसे भी पढ़ें: आज से चार दिन तक नौकायन की ओर गाड़ी से न जाएं, यहां देखें डायवर्जन
लेखपाल ने उन्हें बताया कि उनके पास अभी आवेदन ही नहीं पहुंचा है। विकास ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन में पहले उन्होंने अपना आय प्रमाणपत्र लगाया था, लेकिन पिता का आय प्रमाणपत्र मांगा गया है। अब उनके आय प्रमाणपत्र के लिए सप्ताह भर पहले आवेदन किया था, लेकिन अभी तक कुछ भी पता नहीं चला है। फॉर्म भरने की आखिरी तिथि 15 जनवरी तक ही है।
वहीं, बशारतपुर के अभिषेक भी काफी परेशान थे। उन्हें कोई सही जानकारी नहीं दे पा रहा था कि उनका प्रमाणपत्र कब तक बनकर मिलेगा। उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस भर्ती का फॉर्म भरने के लिए उन्हें जाति प्रमाणपत्र की जरूरत थी। लगभग 10 दिन पहले उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन अभी तक प्रमाणपत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पूछने पर पता चला कि कई दिनों तक सर्वर भी नहीं चल रहा था, पता करते रहिए।
सात दिन में आवेदन निस्तारित करने का है नियम
आय-जाति प्रमाणपत्र के आवेदन को सात दिन में ही निस्तारित करने का नियम है, लेकिन 20 से 25 दिन बाद भी प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहे। बहुत सारे आवेदन तो ऑनलाइन प्रक्रिया में आगे बढ़े ही नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें: एम्स के मेस में थाली में आलू...फ्रिज में मिला एक्सपायर पनीर
छात्रवृत्ति फॉर्म में पहले विद्यार्थी का आय प्रमाणपत्र जमा किया जाता था। इस बार शासन ने इसमें एक बड़ा बदलाव कर दिया है। अब छात्र की जगह माता-पिता का आय प्रमाणपत्र जमा करना होगा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपना आय प्रमाणपत्र लगाकर फॉर्म को जमा कर दिया। अब संस्थान उन्हें यह फॉर्म वापस कर रहे हैं और पिता के आय प्रमाणपत्र के साथ नया आवेदन करने को बोल रहे हैं। इस बदलाव के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने आय प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किए, लेकिन सर्वर की समस्या की वजह से इसमें और देरी हो रही है।
इसे भी पढ़ें: नेपाल सीमा पर किराएदारों का सत्यापन करेगी पुलिस, उड़ेगा ड्रोन
20 दिसंबर से 9 जनवरी तक की स्थिति
| प्रमाणपत्र | कुल आवेदन | पेंडिंग आवेदन |
| आय | 21,970 | 9694 |
| जाति | 29,203 | 10,852 |
| निवास | 29,945 | 9477 |
बोले आवेदक...
छात्रवृत्ति फॉर्म जमा करने के बाद पता चला कि इसमें पिता का आय प्रमाणपत्र लगेगा। अब नए सिरे से छात्रवृत्ति आवेदन के लिए पिता की आय का प्रमाणपत्र बनवाने के लिए एक हफ्ते पहले ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अभी तक प्रमाणपत्र नहीं आया।-आकाश सिंह
यूपी पुलिस का फॉर्म भरने के लिए जाति प्रमाणपत्र की जरूरत थी। 15 दिन पहले आवेदन किए थे लेकिन अभी तक कोई सूचना नहीं है।-अभिषेक कुमार मौर्या
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बर्फीली हवा से बढ़ी गलन... धूप हुई बेअसर
छात्रवृत्ति फॉर्म भरने के लिए आय प्रमाणपत्र की जरूरत थी। दस दिन हो गए आवेदन किए हुए लेकिन अभी तक नहीं आया। अब आखिरी तिथि भी आ गई।-अमन सिंह
सदर तहसीलदार विकास सिंह ने कहा कि तीन दिनों तक ई-डिस्ट्रिक्ट का सर्वर पूरे प्रदेश में काम नहीं कर रहा था। पुलिस भर्ती के आवेदन के लिए अभ्यर्थियों की ओर से प्रमाणपत्र के लिए भारी संख्या में आवेदन आ गए। 28 दिसंबर को आठ हजार और 29 दिसंबर को पांच हजार आवेदन आए, इसके चलते सर्वर पर लोड बढ़ गया। अतिरिक्त स्टॉफ लगाकर लंबित प्रकरणों का निरस्तारण कराया जा रहा है। अब चार जनवरी तक के आवेदनों को लेखपाल के पास रिपोर्ट के लिए भेजा जा चुका है तीन से चार दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।