मां तुझे प्रणाम: विशिष्ट सेवा के लिए 22 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान, DIG और SSP ने बढ़ाया हौसला
डीआईजी जे. रविंद्र ने कहा कि पुलिस को दिया गया यह सम्मान, दूसरों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा। अमर उजाला के ऐसे आयोजन, पुलिस में सकारात्मक प्रभाव डालेंगे। पुलिस वाले अपनी ड्यूटी करते हैं तभी समाज सुरक्षित रहता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमर उजाला के मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम के तहत रविवार को आंतरिक कानून व्यवस्था संभालने वाले 22 पुलिस कर्मियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। डीआईजी जे. रविंद्र और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने रविवार को नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों को शॉल और चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया।
पुलिस का काम आसान नहीं
पुलिस सेवा को चार शब्दों में बताना हो, तो कह सकते है यश कम, अपयश ज्यादा। बात कहीं से शुरू हो, अंत में ठीकरा पुलिस के सिर फूटना तय है। चाहे जितने तीर मारे हों, एक गड़बड़ सब पर पानी, यह सबकुछ पुलिस कर्मियों की जिंदगी स्थायी रूप से चस्पा हो गया है। जहां यह सच है, वहां यह भी सच है कि आज भी जब पुलिसकर्मी सड़कों पर जागते हैं तो उनके ही भरोसे अपने-अपने घरों में चैन की नींद सोते हैं। जब पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर डटे होते हैं, उस वक्त हम त्योहारों पर उत्सव के रंग में डूबे होते हैं। हर विवदा पर अगर भगवान के बाद पीड़ित के जुबान पर किसी का नाम आता है तो वह है पुलिस। तमाम आक्षेपों के बावजूद आज भी आम आदमी का पुलिस पर भरोसा कायम है।
सम्मान दूसरों को भी बेहतर काम की प्रेरणा देगा
पुलिस को दिया गया यह सम्मान, दूसरों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा। अमर उजाला के ऐसे आयोजन, पुलिस में सकारात्मक प्रभाव डालेंगे। पुलिस वाले अपनी ड्यूटी करते हैं तभी समाज सुरक्षित रहता है। -जे. रविंद्र, डीआईजी
यह पूरे जिले की पुलिस का सम्मान
यह सम्मान महज 22 पुलिस वालों का नहीं, बल्कि पूरे जिले की पुलिस का है। यह ऐतिहासिक पल है कि अमृत महोत्सव पर आयोजन हो रहा है। 75 साल या उससे पहले भी, जिन लोगों ने ऐसी कल्पना की थी, उसे हम देख रहे हैं। उनके बताए रास्ते पर चलने की जरूरत है। -डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी
पुलिस के प्रति ज्ञापित की कृतज्ञता
पुलिस रात में जगती है, तभी हम निश्चिंत भाव से घरों में सोते हैं। वास्तव में यह हमारे भाई हैं। पुलिसकर्मी हमारे लिए बहुत कुछ करते हैं। हम इनका सम्मान नहीं कर रहे हैं। इसके जरिये कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं। -अनूप सराफ, निदेशक, ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स
अपने रक्षक का कर रहे सम्मान
पुलिस हमारी रक्षक होती है। अपने रक्षक का सम्मान करने का यह सौभाग्य मिला है। पुलिस वास्तव में आम लोगों के लिए काम करती है। इनकी वजह से ही हम सुरक्षित है। -रमाकांत राय, निदेशक, आरके लक्ष्मी जनरल सेल्स लिमिटेड
डीआईजी-एसएसपी ने हाथ मिलाकर बढ़ाया हौसला
डीआईजी और एसएसपी ने सम्मान लेने आए सभी पुलिसकर्मियों से हाथ मिलाकर और पीठ थपथपाकर हौसला बढ़ाया। अफसरों के हाथ सम्मान पाकर सभी पुलिसकर्मियों के चेहरे पर गर्व की मुस्कान थी।
इन्हें किया गया सम्मानित
प्रभारी निरीक्षक कैंट शशिभूषण राय, प्रभारी निरीक्षक शाहपुर रणधीर मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कैंपियरगंज रंजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अजय मौर्या, थानाध्यक्ष हरपुर बुदहट नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष सिकरीगंज दीपक कुमार सिंह, एसओजी/स्वॉट प्रभारी मनीष यादव, बेलघाट गौरव राय कन्नौजिया, नखास चौकी प्रभारी चंद्रभान सिंह, गोला में तैनात उप निरीक्षक जयराम यादव, उरुवा बाजार थाने के उप निरीक्षक रविसेन यादव, बड़हलगंज थाने के उप निरीक्षक अश्विनी कुमार तिवारी, गगहा थाने के उप निरीक्षक मनीष त्रिपाठी, प्रेम सागर, खजनी थाने के आरक्षी रवींद्र वर्मा, एसओजी के वरिष्ठ आरक्षी राजमंगल सिंह, तिवारीपुर थाने के आरक्षी योगेश यादव, राजघाट थाने के आरक्षी मनोज कुमार भारती, मॉनीटरिंग सेल के रामलवट सिंह, कैंट थाने के आरक्षी दीपक, सर्विलांस सेल के नमित मिश्रा को सम्मानित किया गया।