Kingdom: तमिलनाडु में विजय देवरकोंडा की ‘किंगडम’ को बैन करने की मांग, जानिए क्या है पूरा मामला
Protest Against Kingdom: विजय देवरकोंडा की हालिया रिलीज ‘किंगडम’ अचानक विवादों में फंस गई है और फिल्म को बैन किए जाने की मांग की जा रही है। जानिए क्या है पूरा मामला।
विस्तार
साउथ स्टार विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘किंगडम’ जिसे हिंदी में ‘साम्राज्य’ नाम से रिलीज किया गया है। इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धीमी कमाई कर रही है। अब इस बीच इस फिल्म को तमिलनाडु के मदुरै और त्रिची जैसे इलाकों में विरोध का सामना करना पड़ा। तमिल समर्थक नेताओं ने श्रीलंकाई तमिलों को कथित रूप से गलत तरह से दिखाए जाने की आलोचना करते हुए फिल्म के बैन करने की भी मांग की है।
सिनेमाघरों के बाहर हुआ विरोध प्रदर्शन
तमिल समर्थक पार्टी ‘नाम तमिलर काची (एनटीके) के कार्यकर्ताओं ने त्रिची के सिनेमाघरों के बाहर ‘किंगडम’ को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और फिल्म के दिखाए जाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। एनटीके के राज्य प्रचार सचिव सरवनन ने कहा कि यह फिल्म लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) के लड़ाकों और ईजाम तमिलों का अपमान करती है। उन्होंने 30 साल तक संघर्ष किया और शहीद हुए, लेकिन उन्हें पहाड़ी इलाकों में रहने वाले गुलामों के रूप में दिखाया गया है।
यह ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की कोशिश है और हम इसकी अनुमति नहीं दे सकते। उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है और कई लोग अभी भी लापता हैं। नाम तमिल काची उन्हें ठेस पहुंचाने वाले ऐसे काम नहीं कर सकता। प्रदर्शनकारियों ने ज़िले के एक प्रमुख थिएटर प्रबंधक से भी मुलाकात की, जिसके बाद 'किंगडम' के बैनर हटा दिए गए।
फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स ने की पुलिस सुरक्षा की मांग
फिल्म को लेकर बढ़ते विरोध के बीच तमिलनाडु में फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स ने पुलिस सुरक्षा की मांग करते हुए मद्रास उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। जिसके बाद अब यह मामला बड़ा बनता जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ेंः Vijay Deverakonda: 'किंगडम' देखने के बाद सुकुमार ने किया विजय देवरकोंडा को कॉल, जानें क्या है पूरा मामला
31 जुलाई को रिलीज हुई है फिल्म
गौतम तिन्नानुरी द्वारा निर्देशित 'किंगडम' एक तेलुगु फिल्म है, जिसमें विजय देवरकोंडा, सत्यदेव और वेंकटेश मुख्य भूमिकाओं में हैं। श्रीलंका की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक पुलिसवाले से जासूस बने व्यक्ति की कहानी है, जो बाद में दिवी जनजाति का रक्षक बन जाता है। यह फिल्म कई भाषाओं में 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।