Valentine Week 2025: प्यार के रंग में रंगे टीवी के ये हिट सीरियल्स, वैलेंटाइन वीक पर एक बार फिर देखिए
वैलेंटाइन वीक अभी चल ही रहा है। ऐसे में आपकी चाहत अगर इस हफ्ते को अपने लव पार्टनर के लिए खास बनाने की है तो कुछ रोमांटिक टीवी सीरियल्स साथ मिलकर देख सकते हैं। जानिए, ऐसे ही कुछ खास रोमांटिक टीवी सीरियल्स के बारे में।
विस्तार
बॉलीवुड ही बेहतरीन रोमांटिक फिल्में नहीं बनाता है, टीवी पर भी समय-समय पर ऐसे रोमांटिक सीरियल्स आए हैं, जिनके दर्शक दीवाने हो गए। आज भी इन टीवी सीरियल्स की फैन फॉलोइंग हैं। वैलेंटाइन वीक पर हम आपको ऐसे ही कुछ रोमांटिक हिट टीवी सीरियल्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप अपने लव या लाइफ पार्टनर के साथ देख सकते हैं।
कितनी मोहब्बत है
कृतिका कामरा और करण कुंद्रा स्टारर टीवी सीरियल ‘कितनी मोहब्बत है’ के दो सीजन आए थे। पहले सीजन में कहानी कुछ ऐसी थी कि अर्जुन (करण कुंद्रा) और आराेही (कृतिका कामरा) एक-दूसरे को प्यार करते हैं लेकिन कुछ गलतफहमियों के कारण इनके रिश्ते में दूरी आ जाती है, ये जुदा हो जाते हैं। अर्जुन को जब सच्चाई का पता चलता है तो वह चुपचाप आरोही के सपनों को पूरा करने की कोशिश करता है। इसी तरह कई उतार-चढ़ावों को पार कर आखिर में अर्जुन और आरोही मिल जाते हैं, इनकी मोहब्बत सफल हो जाती है। 2009 में आए इस सीरियल की एक अलग ही फैन फाॅलोइंग बन गई थी, जो आज भी बरकरार है।
इस प्यार को क्या नाम दूं
2011 में एक टीवी सीरियल ‘इस प्यार को क्या नाम दूं’ दर्शकों के बीच काफी हिट हुआ। इसमें अर्णव रायजादा का किरदार एक्टर वरुण सोबती ने निभाया था। वहीं खुशी कुमारी का किरदार सनाया ईरानी ने निभाया। यह प्रेम कहानी एक छोटे शहर की लड़की खुशी और एक सख्त मिजाज बिजनेसमैन अर्णव के बीच की थी। कॉमेडी के रंग में रंगी यह प्रेम कहानी दर्शकों को काफी अच्छी लगी थी।
दिल मिल गए
टीवी पर साल 2007 में ‘दिल मिल गए’ सीरियल आया, यह सीरियल ‘संजीवनी’ का ही आगे का पार्ट था। इस सीरियल में करण सिंह ग्रोवर लीड में थे। फीमेल लीड दो-तीन बार बदलीं। इस सीरियल के भी कई सीजन आए। मेडिकल ड्रामा के अलावा इस सीरियल की प्रेम कहानी यंग ऑडियंस को काफी पसंद आई।
प्यार की ये एक कहानी
एक वैंपायर और एक आम लड़की की कहानी को सीरियल ‘प्यार की ये एक कहानी (2010)’ में दिखाया गया। इसमें वैंपायर के रोल में विवियन डिसेना नजर आए थे। यह सीरियल फिल्म ‘ट्वाइलाइट’ से इंस्पायर था। सीरियल में आम लड़की के रोल में सुकीर्ति कांडपाल नजर आई थीं।
मधुबाला
साल 2012 में विवियन डिसेना एक रोमांटिक सीरियल ‘मधुबाला’ में भी नजर आए। इसमें विवियन ने एक सुपरस्टार आरके का रोल निभाया था, जिसे एक साधारण लड़की से प्यार हो जाता है। लेकिन इनके रिश्ते में कई बार उतार-चढ़ाव आते हैं। इस सीरियल के बाद से ही विवियन डिसेना टीवी पर काफी पॉपुलर हो गए थे। हाल ही में वह रियालिटी शो ‘बिग बॉस 18’ में भी नजर आए।