‘कड़ी निगरानी रखती हैं’, तलाक की खबरों के बीच वायरल हुआ विजय का पुराना वीडियो, संगीता पर कही थी बड़ी बात
Vijay Sangeetha Divorce: विजय-संगीता का तलाक का मामला सुर्खियों में है। अभिनेत्री ने विजय पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का इल्जाम लगाया है। इस बीच विजय का एक पुराना वीडिया सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है।
विस्तार
तमिल सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और राजनीति में भी एक्टिव विजय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर खबरों में हैं। उनकी पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल की है, जिसमें उन्होंने विजय पर बेवफाई और मानसिक क्रूरता जैसे आरोप लगाए हैं।
संगीता ‘कड़ी निगरानी’ रखती हैं
इसी बीच विजय का एक पुराना इंटरव्यू क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने संगीता के बारे में कहा था कि वह विजय के फैसलों और करियर पर ‘कड़ी निगरानी’ रखती हैं।
वीडियो में विजय बताते दिखाई देते हैं कि संगीता उनके काम को ध्यान से देखती हैं और अपने सुझाव देती रहती हैं। इसमें विजय कहते हैं कि संगीता उनके काम और फैसलों पर कड़ी निगरानी रखती हैं। इस पुराने कमेंट को अब लोग बहुत शेयर कर रहे हैं क्योंकि यह उनके तलाक के केस के बीच दोबारा चर्चा में आ गया है।
अभिनेत्री के साथ अफेयर का आरोप
तलाक याचिका के मुताबिक, संगीता ने विजय पर बेवफाई का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि विजय का एक अभिनेत्री के साथ 'अवैध संबंध' था। याचिका में कहा गया है कि अप्रैल 2021 में संगीता को पता चला कि विजय एक अभिनेत्री के साथ रिश्ते में हैं। इस खुलासे से उन्हें गहरा भावनात्मक आघात पहुंचा और मानसिक पीड़ा हुई। उन्होंने इसे वैवाहिक विश्वास का टूटना और धोखा बताया है।
याचिका में आगे आरोप लगाया गया है कि विजय ने उस अभिनेत्री के साथ सार्वजनिक रूप से मेलजोल जारी रखा, जिससे संगीता को भावनात्मक कष्ट हुआ और बच्चों के सामने शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ी।
अभिनेत्री विजय के साथ शेयर करती है तस्वीरें
संगीता का यह भी कहना है कि 2021 के बाद से विजय ने उनसे भावनात्मक दूरी बना ली थी। उन्होंने कथित तौर पर पत्नी के साथ अपमानजनक व्यवहार किया और ऐसी स्थिति पैदा कर दी कि संगीता को एक ही घर में अलग-थलग रहना पड़ा। याचिका में यह भी कहा गया है कि विजय उस अभिनेत्री के साथ विदेश यात्राएं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे।
संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि वह अभिनेत्री सोशल मीडिया पर विजय के साथ अपनी आउटिंग्स की तस्वीरें नियमित रूप से पोस्ट करती थीं। उनके अनुसार, विजय ने कभी उन पोस्ट्स का खंडन या विरोध नहीं किया, जिससे यह प्रतीत होता है कि उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें स्वीकार किया।