25 Years OF Sooryavansham: हीरा ठाकुर-राधा के इश्क को पूरे हुए 25 साल, जानिए 'सूर्यवंशम' के दिलचस्प किस्से
21 मई 1999! वह दिन जब दर्शक ठाकुर भानु प्रताप और उनके परिवार से रूबरू हुए।सिनेमाघरों के बाद यह फिल्म फिर टेलीविजन पर आई तो मानो दर्शकों और ठाकुर भानु प्रताप, हीरा ठाकुर, राधा और गौरी सबका पारिवारिक रिश्ता बन गया! फिल्म को रिलीज हुए आज 25 बरस हो गए हैं।
विस्तार
अमिताभ बच्चन की फिल्म 'सूर्यवंशम' को दर्शकों के बीच आज 25 साल पूरे हो गए हैं। यह फिल्म 21 मई 1999 को रिलीज हुई थी। अमिताभ बच्चन, सौंदर्या, रचना बनर्जी, अनुपम खेर, कादर खान और जयासुधा अभिनीत यह फिल्म टेलिविजन पर इतनी बार आ चुकी है कि शायद ही कोई इसे देखने से बचा हो। सोनी मैक्स पर इसे अनगिनत बार टेलीकास्ट किया जा चुका है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर खूब मीम्स बने। 'सूर्यवंशम' पिता-पुत्र के रिश्ते पर आधारित फिल्म है। इसकी कहानी भारतीय समाज से जुड़ी है, जहां एक बेटा पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता तो बाप-बेटे के बीच तनाव की लकीर किस हद तक खिंच जाती है। फिल्म परिवार और शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डालती है। वहीं, फिल्म में फेमिनिज्म भी है। अमिताभ बच्चन इसमें दोहरी भूमिका में हैं। आइए फिल्म की 25वीं सालगिरह पर जानते हैं इससे जुड़े रोचक किस्से...
तमिल फिल्म का रीमेक है 'सूर्यवंशम'
फिल्म 'सूर्यवंशम' तमिल फिल्म 'सूर्यवम्सम' का हिंदी रीमेक है, जो 1997 में रिलीज हुई थी। अमिताभ बच्चन की फिल्म 'सूर्यवंशम' की शूटिंग गुजरात, हैदराबाद और पोलोन्नारुवा, कैन्डी श्रीलंका में हुई थी। फिल्म में अमिताभ की जो हवेली दिखाई गई है, वो वास्तव में गुजरात के पालनपुर का एक रिजॉर्ट है। इसका नाम बलराम पैलेस है। जो चितरासानी गांव में बना हुआ है।
रेखा से कनेक्शन
इस फिल्म से अभिनेत्री रेखा का खास कनेक्शन है। वह इस फिल्म में किसी भूमिका में तो नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज पूरी फिल्म में दर्शकों के कानों में पड़ती है। दरअसल, फिल्म की दोनों अभिनेत्रियों जयासुधा और सौंदर्या को रेखा ने अपनी आवाज दी थी।
रियल लाइफ पति-पत्नी आए नजर
इस फिल्म में राजेश खट्टर और नीलिमा अजीम ने पति-पत्नी का रोल किया, जो वास्तविक जीवन में भी पति-पत्नी रहे हैं। पंकज कपूर से तलाक के बाद नीलिमा ने 1990 में राजेश खट्टर से दूसरी शादी की। दोनों के एक बेटा ईशान खट्टर हैं, जो अभिनेता हैं। हालांकि, नीलिमा और राजेश खट्टर का रिश्ता ज्यादा नहीं चला और 2001 में वे अलग हो गए।
सोनी मैक्स से रिश्ता
सैट मैक्स चैनल पर 'सूर्यवंशम' अनगिनत बार टेलीकास्ट हो चुकी है। दोनों के बीच भी दिलचस्प रिश्ता है। 'सूर्यवंशम'21 मई 1999 में रिलीज हुई थी। उसी साल मैक्स चैनल (अब सोनी मैक्स) भी लॉन्च हुआ था। यानी फिल्म और चैनल एक ही साथ आए। चैनल से इस फिल्म के 100 साल के राइट्स खरीद रखे हैं। यही वजह है कि फिल्म बार-बार इस चैनल पर दिखाई जाती है। सोनी मैक्स में बदल चुका है।
मिला स्लीपर हिट का खिताब
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 90 के दशक के आखिर में बनी फिल्म 'सूर्यवंशम' का बजट महज सात करोड़ रुपये था। फिल्म ने करीब 12.65 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इस फिल्म को स्लीपर हिट का खिताब मिला। 'सूर्यवंशम' का प्रोडक्शन आदिशेषगिरि राव ने किया था। फिल्म की कहानी विक्रमन की थी, जो इसे डायरेक्ट भी करने वाले थे लेकिन बाद में डायरेक्शन ईवीवी सत्यनारायण ने किया था।
Muzaffarnagar: डीएम के फर्जी आदेश के मामले में अयाजुद्दीन सिद्दीकी गिरफ्तार, पढ़िए आखिर क्या है पूरा मामला?
अभिषेक बच्च्चन भी होने वाले थे फिल्म का हिस्सा
फिल्म के लिए राज किरण, शेफाली शाह और पूजा बत्रा को भी रोल ऑफर किए गए थे। लेकिन तीनों ने ही फिल्म करने से मना कर दिया। इसके अलावा फिल्म में पहले हीरा ठाकुर के रोल के लिए अभिषेक बच्चन को भी लेने की बात चली थी लेकिन उन दिनों वह अपनी प्रस्तावित डेब्यू फिल्म आखिरी मुगल की तैयारी में लगे थे और अमिताभ बच्चन चाहते थे कि उनकी शुरुआत सोलो फिल्म से हो। बाद में वह जे पी दत्ता की फिल्म रिफ्यूजी से बड़े परदे पर उतरे हालांकि उनकी ये फिल्म फ्लॉप रही।
Star kids Names: सितारों ने रखे अपने बच्चों के संस्कृत में नाम, लिस्ट में यामी से लेकर प्रियंका तक शामिल
सौंदर्या की पहली और आखिरी बॉलीवुड फिल्म रही 'सूर्यवंशम'
'सूर्यवंशम' में हीरा ठाकुर की पत्नी बनी सौंदर्या अब इस दुनिया में नहीं हैं। महज 31 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। अभिनेत्री की मौत वर्ष 2004 में बेंगलुरु में चुनाव प्रचार के दौरान एयरक्राफ्ट क्रैश होने से हो गई थी। फिल्म 'सूर्यवंशम' सौंदर्या की पहली और आखिरी बॉलीवुड फिल्म थी।
Mirai: 'द ब्लैक स्वॉर्ड' बने मांचू मनोज का दिखा खतरनाक रूप, जन्मदिन पर मेकर्स ने जारी किया 'मिराय' का टीजर