इस वीडियो गेम अवतार में नजर आए 'स्पाइडर मैन' टॉम हॉलैंड, पहले लुक ने ही लूट ली महफिल
- टॉम हॉलैंड की फिल्म 'अनचार्टेड' आने वाली है।
- टॉम हॉलैंड गेम के एक किरदार नेथन ड्रेक की भूमिका में नजर आएंगे।
- 'अनचार्टेड' गेम पर आधारित फिल्म बनाने की घोषणा पहली बार वर्ष 2009 में की गई थी।
विस्तार
मार्वेल सिने यूनिवर्स की फिल्मों में मौजूदा स्पाइडर मैन की भूमिका निभाने वाले अभिनेता टॉम हॉलैंड की एक फिल्म 'अनचार्टेड' आने वाली है जिसके सेट से उनकी एक तस्वीर फिल्म की निर्माता कंपनी सोनी पिक्चर्स ने शुक्रवार को जारी की। यह फिल्म इसी नाम के एक लोकप्रिय गेम पर आधारित है जिसमें टॉम हॉलैंड गेम के एक किरदार नेथन ड्रेक की भूमिका में नजर आएंगे। इस एक्शन एडवेंचर फिल्म का निर्देशन 'जोंबीलैंड' और 'वेनम' जैसी फिल्में बनाने वाले रुबेन फ्लेचर कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए फोटो में टॉम हॉलैंड का लुक काल्पनिक किरदार नेथन ड्रेक से काफी मिलता-जुलता लग रहा है। तस्वीर में टॉम कार्गो पेंट और टीशर्ट पहने हुए हैं, साथ ही एक पिस्टल होल्डर भी उनके कंधे पर लटका हुआ है। ठीक यही पहनावा 'अनचार्टेड' गेम के चरित्र नेथन ड्रेक का भी है। यह तस्वीर खुद टॉम हॉलैंड ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है और उन्होंने तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा है, 'आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा मैं हूं नेट।'
'अनचार्टेड' गेम पर आधारित फिल्म बनाने की घोषणा पहली बार वर्ष 2009 में की गई थी। तब से लेकर अब तक इस फिल्म की कई पटकथाएं बदली जा चुकी हैं। इस फिल्म का निर्देशन करने वाले रुबेन सातवें निर्देशक हैं। उनसे पहले ट्रेविस नाइट, शॉन लेवी, सेथ गॉर्डोन, नील बर्गर, डेविड ओ रसैल और डेन ट्रेकटनबर्ग का नाम इस फिल्म से जुड़ चुका है।
इस समय फिल्म में मुख्य भूमिका टॉम हॉलैंड निभा रहे हैं लेकिन उनसे पहले इस किरदार को निभाने के लिए मार्क वहलबर्ग का चुनाव किया गया था। हालांकि, मार्क वहलबर्ग अब भी इस फिल्म का हिस्सा है लेकिन अब उनका किरदार नेथन ड्रेक के मेंटॉर सली (Sully) का है। मार्क ने यह फिल्म पहले अपनी बीमारी के चलते छोड़ दी थी। गेम में नेथन ड्रेक के किरदार को आवाज देने वाले अभिनेता नोलन नॉर्थ का भी इस फिल्म में कैमियो देखने मिल सकता है। यह फिल्म अगले साल 16 जुलाई को रिलीज होगी।
पढ़ें: एडेल ने अपने अमेरिकन एक्सेंट से फैंस को किया इम्प्रेस, शो की क्लिप में दिखा घटा हुआ वजन