पटौदी परिवार में बच्चों ने ऐसे मनाई होली, तैमूर अली खान और इनाया का वीडियो वायरल
पूरे देश में आज रंगों का त्यौहार होली मनाया जा रहा है। आम लोगों के अलावा बॉलीवुड सितारे भी होली का जमकर लुफ्त उठा रहे हैं। सेलेब्स सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को होली की शुभकामनाएं भी दे रहे हैं। वहीं, स्टार किड्स भी इसमें पीछे नहीं हैं। वो भी होली का जमकर मजा ले रहे हैं। इस मौके पर करीना के लाडले बेटे तैमूर भला कहां पीछे रहने वाले थे। तैमूर अली खान और इनाया का वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं और प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
रंगों के त्यौहार होली पर करीना कपूर खान के बेटे तैमूर रंगों से सराबोर नजर आए। करीना कपूर ने तैमूर की इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वहीं, तस्वीर के साथ कैप्शन भी है, जिसमें लोगों से सुरक्षित होली खेलने की अपील की जा रही है। कैप्शन में लिखा है 'सभी लोग सुरक्षित रहें। मेरी तरफ से होली की बधाई।'
इस फोटो में तैमूर अपने पिता की तरह ही नवाबी अंदाज में सफेद कुर्ता पहने खड़े हैं। वे पूरी तरह से पानी में भीगे हुए हैं। छोटे नवाब ने गुलाबी और हरे रंग से होली खेली है। इस फोटो को देख मलाइका अरोड़ा, अमृता अरोड़ा और बुआ सबा पटौदी ने कमेंट कर अपना प्यार जाहिर किया है। वहीं एक अन्य फोटो में सोहा अली खान अपनी बेटी इनाया खेमू के साथ दिखाई दे रही हैं।
वहीं करीना के बाद तैमूर की बुआ और सैफ की बहन सोहा अली खान ने भी एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें तैमूर और इनाया टब में बैठकर होली खेलते दिख रहे हैं। रंग में सने दोनों बच्चे बेहद क्यूट लग रहे हैं। ये पानी में बैठकर जी भरकर मस्ती कर रहे हैं।
बता दें कि होली के मौके पर सैफ की बहन सोहा अली खान अपने पति कुणाल खेमू और बेटी इनाया के साथ करीना के घर पहुंची थीं। यहां तैमूर और इनाया ने होली में जमकर मस्ती की। सोहा ने इसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है और कैप्शन भी लिखा है। सोहा ने लिखा 'अभी तक का सबसे पसंदीदा त्यौहार, हैपी होली।'
बता दें कि सैफ की बहन सबा भी लगातार सोशल मीडिया पर तैमूर की तस्वीर शेयर करती रहती हैं। अभी हाल ही में सबा ने तैमूर की तस्वीर शेयर की थी। फोटो में तैमूर क्यूटनेस से ओवरलोडेड नजर आ रहे थे। सफेद बनियान और बड़ी सी हैट लगाए तैमूर कैमरे की तरफ देख रहे थे। उनकी तस्वीर को देख ऐसा लग रहा है जैसे वे अपनी बड़ी हैट को संभालने की कोशिश कर रहे थे।