Sushant Singh Rajput Case: ड्रग्स, पैसा और मौत का रहस्य, सुशांत सिंह राजपूत केस में अब तक क्या-क्या हुआ?
Sushant Singh Rajput Death Case: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है। आइए जानते हैं कि इस केस में अब तक क्या-क्या हुआ?
विस्तार
सुशांत सिंह राजपूत की गिनती बॉलीवुड के प्रतिभाशाली अभिनेताओं में होती थी। वह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का एक ऐसा सितारा थे, जिसे बड़ी संख्या में लोग पसंद किया करते थे। उनकी मौत ने न सिर्फ उनके फैंस को सदमे में डाला, बल्कि पूरे देश में एक लंबी बहस को भी जन्म दे दिया। आइए इस पूरे मामले को शुरू से लेकर अब तक आसान भाषा में समझते हैं।
सुशांत सिंह राजपूत को 14 जून, 2020 को मुंबई के बांद्रा में उनके अपार्टमेंट में मृत पाया गया। वे अपने कमरे में पंखे से लटके हुए थे। उस वक्त उनकी उम्र महज 34 साल थी। मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी यही कहा गया कि उनकी मौत दम घुटने से हुई। शुरुआत में यह एक साधारण केस लग रहा था, लेकिन जल्द ही यह केस देश की सबसे बड़ी चर्चा का विषय बन गया।
Arjun Kapoor: ‘आज मैं अकेला ही सही…’, मलाइका से ब्रेकअप के बाद अकेले पड़े अर्जुन कपूर
सुशांत की मौत के बाद उनके परिवार को इस पर यकीन नहीं हुआ। उनके पिता केके सिंह ने 28 जुलाई को पटना में एक एफआईआर दर्ज कराई। इसमें सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए। केके सिंह का कहना था कि रिया ने सुशांत को प्यार के जाल में फंसाया, उनके पैसे हड़पे और उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया।
मामला गरमाता देख रिया चक्रवर्ती ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। वह चाहती थीं कि केस मुंबई में ही रहे। लेकिन 19 अगस्त, 2020 को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि इसकी जांच सीबीआई करेगी। कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को भी सीबीआई के साथ सहयोग करने का आदेश दिया। इसके बाद यह केस बिहार पुलिस से सीबीआई के हाथों में चला गया।
सीबीआई ने अगस्त 2020 में जांच शुरू की। रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक, सुशांत के स्टाफ और करीबी दोस्तों से पूछताछ हुई। इस दौरान ड्रग्स और मनी लॉन्ड्रिंग का एंगल भी सामने आया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग्स केस में रिया और शौविक को 8 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी पैसे के लेन-देन की जांच की। लेकिन इन सबके बावजूद सुशांत की मौत का रहस्य नहीं सुलझा।
सीबीआई ने एम्स के फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स से मदद ली। एम्स की टीम ने अपनी रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में गला घोंटने या किसी साजिश के दावों को खारिज किया गया। लेकिन फैंस और परिवार को यह नतीजा मंजूर नहीं हुआ।
सीबीआई की जांच चार साल से ज्यादा चली। इस दौरान कई सवाल उठे, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला। 22 मार्च, 2025 तक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई ने इस केस में अपनी क्लोजर रिपोर्ट मुंबई की एक विशेष अदालत में दाखिल कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई ने एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती पर लगे सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों में दोषी नहीं पाया। सीबीआई की आखिरी रिपोर्ट में सुशांत की मौत की असल वजह सुसाइड ही बताया गया है।