सोनू निगम: क्या सिंगर ने उड़ाया सलमान खान की गायिकी का मजाक? वीडियो जारी करके दी सफाई; जानें क्या है मामला
Viral Video: सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके अपनी सफाई पेश की है। उन पर इल्जाम था कि उन्होंने सलमान खान की गायिकी का माजाक उड़ाया था। जानिए पूरा मामला।
विस्तार
इस हफ्ते वायरल हुए एक वीडियो में सलमान टीवी पर 'मैं हूं हीरो तेरा' गाना गाते हुए दिख रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनू अजीब चेहरे बनाते हैं और अपना माथा पकड़ लेते हैं। बाद में वे कहते हैं, 'कई दिनों बाद कुछ अच्छा सुना और इसने मेरा दिमाग ही हिला दिया। अगर कोई इस तरह गाता है तो मैं रो पड़ूंगा।' यह वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो पर लिखा है 'सोनू निगम ने सलमान खान की गायकी का मजाक उड़ाया'।
अब इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर दोबारा पोस्ट करते हुए सोनू निगम ने साफ किया कि वीडियो को एडिट करके ऐसा दिखाया गया था मानो वह सलमान पर प्रतिक्रिया दे रहे हों, जबकि असल में वे एक पाकिस्तानी सिंगर पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उनके कैप्शन में लिखा है, 'इंटरनेट पर कुछ भी हो सकता है। मुझे यह एडिट किया हुआ वीडियो मिला। यह एक छोटी पाकिस्तानी बच्ची सिंगर के लिए मेरा रिएक्शन था।'
अनीश मैथ्यू ने दी प्रतिक्रिया
गायक अनीश मैथ्यू ने भी कहा कि सोनू की प्रतिक्रिया वाला वीडियो किसी और के लिए था। उन्होंने कमेंट में लिखा 'मुझे याद है कि इस वीडियो में सोनू जी, नेस्कैफे बेसमेंट के 'बोल हू' गाने में छोटी हादिया हाशमी की गायकी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। इंटरनेट वाकई हैरान करने वाला है।'
बता दें कि साल 2020 में, सोनू ने हादिया की 'बोल हू' परफॉर्मेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए और उसकी गायकी की तारीफ करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने उसकी तारीफ करते हुए कहा था कि उन्हें किसी गाने ने इतने लंबे समय बाद इतना प्रभावित किया है। जावेद जाफरी ने उन्हें सुनने के लिए वह गाना भेजा था। सिंगर ने कहा था कि उसे सुनकर वे रो पड़े थे।
- गौरतलब है कि हाल ही में सलमान खान फिल्म्स ने सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी स्टारर फिल्म 'हीरो' के गाने 'मैं हूं हीरो तेरा' के 10 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया।
- अमाल ने इस गाने को कंपोज किया था, जिसे सलमान ने गाया था।
- मगर पोस्ट में कंपोजर के तौर पर अमाल का जिक्र नहीं था।
- इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बात पर आपत्ति जताई।
- फैंस ने सलमान के प्रति ‘अहसान न मानने’ के लिए अमाल की आलोचना शुरू कर दी।
- अमाल और अरमान दोनों ने अपनी बात का बचाव किया, जिससे उन्हें और ज्यादा ट्रोल किया गया।