Raakh Series: ‘लोग मुझे मारना चाहते हैं’, ‘राख’ के विलेन आकाश मखीजा को मिल रही धमकियां; एक्टर ने किया खुलासा
Raakh Series: ‘राख’ वेब सीरीज में विलेन का किरदार निभाने वाले आकाश मखीजा को जहां एक तरफ उनकी एक्टिंग के लिए खूब तारीफ मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं।
विस्तार
आकाश मखीजा इन दिनों अपनी वेब सीरीज ‘राख’ को लेकर खूब चर्चा में हैं। इस शो में उन्होंने एक खतरनाक विलेन ‘बाबू’ का किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिएक्शन मिल रहा है, लेकिन इस प्रतिक्रिया का एक डरावना पहलू भी सामने आया है।
लोग मुझे मारने की बात करते हैं
हाल ही में एक इंटरव्यू में आकाश मखीजा ने बताया कि लोगों का रिएक्शन इतना ज्यादा तेज है कि उनके इंस्टाग्राम डीएम में अजीब-अजीब मैसेज आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘जब मैं खुद को स्क्रीन पर देखता हूं, तो अपने काम को लेकर काफी क्रिटिकल रहता हूं। मैं खुद को जज नहीं कर पाता। मेरे लिए सबसे बड़ी बात है कि दर्शक मेरे काम को कैसे देखते हैं। लेकिन जब भी मैं अपना इंस्टाग्राम डीएम खोलता हूं, तो लोग मुझे मारने की बात करते हैं।’
बाबू के किरदार पर क्या बोले एक्टर?
आकाश ने आगे कहा कि इन मैसेज से साफ पता चलता है कि दर्शक उनके किरदार से कितनी नफरत कर रहे हैं, और यही उनके लिए एक तरह से सफलता की निशानी भी है।
उन्होंने कहा, ‘डेथ थ्रेट्स में क्या-क्या लिखा होता है, ये भी समझ नहीं आता। लेकिन इससे ये जरूर पता चलता है कि लोगों ने ‘बाबू’ के किरदार को पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। वो इस समय देश का सबसे नफरत किया जाने वाला किरदार बन गया है।’
आकाश ने दिलचस्प किस्सा किया शेयर
एक्टर ने एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब अली फजल का किरदार जयप्रकाश उन्हें पीट रहा था, तो दर्शक खुशी मना रहे थे। यहां तक कि उनकी अपनी मां भी उस सीन को देखकर इमोशनल हो गईं, लेकिन जब उन्हें पिटते हुए देखा तो खुश भी हुईं। आकाश ने हंसते हुए कहा, ‘ये मां की ममता है।’
भले ही कुछ मैसेज डराने वाले हैं, लेकिन आकाश मखीजा इसे अपने काम की सफलता मानते हैं। उनका कहना है कि दर्शकों की इतनी मजबूत प्रतिक्रिया ही बताती है कि उन्होंने अपना किरदार सही तरीके से निभाया है।
वेब सीरीज 'राख' रिलीज हो चुकी है। यह सीरीज 1978 के कुख्यात रंगा-बिल्ला केस से प्रेरित है, जिसे भारत के सबसे खौफनाक अपराधों में गिना जाता है। इसमें अली फजल और सोनाली बेंद्रे अहम भूमिका में हैं।
ये भी पढ़ें- रणवीर सिंह का प्रण, 18 महीने तक नहीं देंगे कोई इंटरव्यू; ‘डॉन 3’ विवाद पर साधी चुप्पी; इसलिए लिया फैसला
वहीं आकाश मखीजा, रमनदीप यादव, दिव्या शर्मा और विवान शर्मा भी वेब सीरीज में खास भूमिका निभाते हैं। वेब सीरीज 'राख' का निर्देशन ‘परी’ और ‘पाताल लोक’ जैसी डार्क दुनिया रच चुके प्रोसित रॉय ने किया है। यह 12 जून से अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम हो रही है।