Phule: मुंबई में 'फुले' की हुई विशेष स्क्रीनिंग, पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में टीम ने पहने काले बैज
Phule Screening: मुंबई में फिल्म फुले की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें प्रतीक गांधी और पत्रलेखा सहित पूरी टीम शामिल हुई। पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में टीम ने काले बैज लगाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
विस्तार
सामाजिक सुधारक ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'फुले' की खास स्क्रीनिंग गुरुवार शाम मुंबई में आयोजित की गई। इस फिल्म में प्रतिक गांधी और पत्रलेखा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म की टीम के सदस्यों ने काले रंग के पिन बैज पहने और हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों की याद में एक मिनट का मौन रखा।
इस आयोजन में अभिनेता प्रतीक गांधी और पत्रलेखा के साथ-साथ पत्रलेखा के पति और अभिनेता राजकुमार राव भी मौजूद थे। बॉलीवुड के कई अन्य सितारे भी इस खास मौके पर पहुंचे, जिनमें, गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेत्री हुमा कुरैशी, अभिनेता अभिषेक बनर्जी, दीपक डोबरियाल, फिल्म निर्माता राहुल ढोलकिया और प्रोड्यूसर सुनील जैन व रितेश कुडेचा शामिल थे।
Sharmin Segal: शर्मिन सहगल के घर जल्द गूंजेगी किलकारी, हीरामंडी एक्ट्रेस ने बिजनेसमैन अमन मेहता से की है शादी
फिल्म को लेकर निर्माता सुनील जैन ने इस मौके पर कहा, "ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले निडर समाज सुधारक थे, जिन्होंने जाति और लैंगिक असमानता जैसी गहरी जड़ों वाली बुराइयों को चुनौती दी। उन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों की शिक्षा के लिए अथक संघर्ष किया। यह फिल्म उनकी असाधारण विरासत को हमारी विनम्र श्रद्धांजलि है।"
'फुले' का निर्माण डांसिंग शिवा फिल्म्स और किंग्समेन प्रोडक्शंस ने किया है, जबकि इसका थिएट्रिकल रिलीज जी स्टूडियोज द्वारा किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन अनंत महादेवन ने किया है, जिसमें प्रतीक गांधी ज्योतिराव फुले और पत्रलेखा सावित्रीबाई फुले की भूमिका में हैं। फिल्म में जातिगत भेदभाव और लैंगिक असमानता के खिलाफ उनके संघर्ष को प्रभावशाली तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है।