फिल्म निर्माताओं ने बनाया एक और राहत कोष, सैफ-करीना के साथ तैमूर ने भी की आर्थिक सहायता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए देश भर में जारी लॉकडाउन का एक हफ्ता बीतने के बाद हिंदी सिनेमा के फिल्म निर्माताओं की दो बड़ी संस्थाओं ने फिल्म उद्योग के दिहाड़ी मजदूरों के लिए फिल्म कर्मचारियों की सबसे बड़ी फेडरेशन एफडब्लूआईसीई के साथ मिलकर काम करने का फैसला किया है। फिल्म निर्माताओं की ये दोनों संस्थाएं एक राहत कोष की स्थापना करेंगी और फिल्म निर्माताओं से धन एकत्र कर इसे दिहाड़ी मजदूरों के खातों में पहुंचाएंगी।
गिल्ड का राहतकोष बनाने का दूसरा प्रयास
फिल्म प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया को हिंदी सिनेमा के सबसे रईस फिल्म निर्माताओं की संस्था माना जाता है। इनके अलावा तमाम सक्रिय फिल्म निर्माता इंडियन फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स कांउसिल के सदस्य हैं। इन दोनों संस्थाओं ने बुधवार को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाईज के साथ मिलकर फिल्म उद्योग के दिहाड़ी मजदूरों के लिए एक नया राहत कोष बनाने का एलान किया। प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने इससे पहले अलग से भी एक राहत कोष बनाया था। वहीं, फिल्म अभिनेता सलमान खान भी फिल्म इंडस्ट्री के 25 हजार मजदूरों के खाते में सीधे सहायता धनराशि नकद जमा करने का एलान कर चुके हैं।
सैफ, करीना और तैमूर ने की आर्थिक मदद
मशहूर अभिनेता सैफ अली खान और उनकी पत्नी करीना कपूर ने पीएम केयर्स फंड से जुड़कर आर्थिक मदद करने का एलान किया है। दोनों कलाकारों के साथ उनके बेटे तैमूर की तरफ से भी कोरोना संकट के लिए खास बनाए गए इस फंड में मदद करने की जानकारी पटौदी परिवार की तरफ से दी गई है। तीनों ने कुल मिलाकर कितनी आर्थिक मदद पीएम केयर्स फंड को की, इसकी जानकारी नहीं दी गई। बीते कुछ दिनों से पटौदी के नवाब और उनकी पत्नी की इस बात के लिए काफी आलोचना होती रही है कि उन्होंने पीएम केयर्स फंड की मदद नहीं की। तीनों ने पीएम केयर्स फंड के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष की भी आर्थिक मदद की है।
विकी कौशल ने दिए एक करोड़
फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक में अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हासिल करने वाले अभिनेता विकी कौशन ने भी कोरोना संकट से निपटने के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि से मदद करने का एलान किया है। अपने सोशल मीडिया से ये जानकारी देते हुए विकी कौशल ने लोगों से आगे आकर संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील भी की है। विकी कौशल की पिछली फिल्म भूत पार्ट वन द हांटेड शिप बॉक्स ऑफिस पर करिश्मा नहीं दिखा पाई थी। उनकी एक और फिल्म शहीद ऊधम सिंह की शूटिंग हाल ही में पूरी हुई है।