‘क्वीन’ के साथ मिलकर ‘हैदर’ ने लूटी आईफा की महफिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुआलालंपुर के मशहूर पुत्रा इंडोर स्टेडियम में दो हजार लोगों की मौजूदगी में रविवार को जब आईफा अवार्ड 2015 का ऐलान हुआ तो मलेशिया में रहने वाले हिंदी फिल्म के दीवाने झूम उठे।
फिल्मी लटके झटके और हंसी के ठुमके के बीच अवार्ड के लिए जिन्हें सबसे पहले बुलाया गया वो थे गीतकार मनोज मुंतशिर। उन्हें ‘एक विलेन’ फिल्म में ‘तेरी गलियां’ गीत लिखने के लिए पुरस्कार दिया गया, लेकिन समारोह की जान रही ‘क्वीन’। इसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया।
‘क्वीन’ के लिए ही कंगना रनौत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया। ‘हैदर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार शाहिद कपूर को दिया गया। ‘क्वीन’ के लिए विकास बहल, परवेज शेख और चैताली परमार को सर्वश्रेष्ठ कहानी का पुरस्कार मिला।
हैदर के लिए तब्बू और केके मेनन को अवार्ड
फिल्म ‘पीके’ के लिए राजकुमार हिरानी बेस्ट डायरेक्टर चुने गए। ‘एक विलेन’ फिल्म के लिए रितेश देशमुख को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता चुना गया। वहीं तब्बू ‘हैदर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री चुनी गईं। केके मेनन को ‘हैदर’ फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर इन नेगेटिव रोल श्रेणी में पुरस्कृत किया गया।
बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का पुरस्कार ‘मैरीकॉम’ बनाने वाले ओमंग कुमार के खाते में गया। ‘मै तेरा हीरो’ फिल्म के लिए वरुण धवन को बेस्ट कॉमिक रोल का अवार्ड मिला। फिल्म ‘टू स्टेट्स’ के लिए संगीतकार शंकर-एहसान-लॉय को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट प्लेबेक सिंगर मेल का अवार्ड अंकित तिवारी को ‘एक विलेन’ फिल्म में ‘तेरी गलियां’ गाने के लिए मिला।
वहीं ‘बेबी डॉल’ गाने के लिए कनिका कपूर बेस्ट प्लेबेक सिंगर फीमेल चुनी गईं। बेस्ट डेब्यू एक्टिंग मेल के लिए ‘हीरोपंती’ के स्टार टाइगर श्राफ ने बाजी मारी। वहीं इसी कैटेगिरी का फीमेल अवार्ड ‘हीरोपंती’ की ही अभिनेत्री कृति शेनन को मिला।
समारोह में ‘किक’ का रहा इंतजार
आईफा अवार्ड समारोह-2015 के फाइनल शो की शुरुआत के साथ ही लोगों की उम्मीदों का भी आखिरी दौर शुरू हो गया था। ‘कुछ-कुछ होता है’ की तरह यहां के टैक्सी चालकों में भी एक बेचैनी - ‘शाहरुख खान नहीं आए?’ स्थानीय दुकानदारों को अंतिम समय तक लगता रहा कि हो न हो लोगों को चकित कर देने की मुद्रा में अचानक रजनीकांत अवतरित होंगे! इतने सितारों के बावजूद कुआलालंपुर को ‘किक’ का इंतजार रहा।
अधिकतर दक्षिण भारतीयों को ये ‘किक’ रजनीकांत से मिलती है और चर्चा होते ही वे दुकान छोड़कर आ जाते हैं - रजनीकांत...शिवाजी द बॉस..सो नाइस परसन! पेट्रॉन ट्विन टावर्स के बगल में साउथ इंडियन होटल चला रहे 44 वर्ष के पी लॉय को गर्व है कि उनके पिताजी ने एक शूटिंग में रजनीकांत को देखा था। जिसने नहीं देखा, वे देखना चाहते हैं। वहीं अधिकांश टैक्सी ड्राइवर शाहरुख के ‘किक’ का इंतजार करते रहे।
शंकर एहसान लॉय ने बांधा समां
फाइनल समारोह की शुरुआत ‘जी डब्लू मैरियट होटल’ में शंकर एहसान लॉय के म्यूजिक वर्कशॉप से हुई। इसके बाद नाच-गाने का दौर, हंसी की खुराक, अदाओं का जलवा और तिरछी नजरों की खुराक में सब डूबे रहे।