माधवन की इस फिल्म का बेसब्री से हो रहा इंतजार, निर्देशक ने सुनाए फिल्म की मेकिंग के किस्से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनेता आर माधवन की अगली फिल्म 'निशब्दम' इस गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन 'मुंबई 125 किमी' और 'ए फ्लैट' जैसी हॉरर फिल्में बनाने वाले हेमंत मधुकर ने किया है। हेमंत और इस फिल्म के सभी कलाकारों ने इस फिल्म को बनाने के दौरान अपने काम से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। निर्देशक और फिल्म के कलाकारों की काम में तल्लीनता और उनकी मेहनत की वजह से इस फिल्म की पूरी शूटिंग मात्र 56 दिनों में ही पूरी हो गई।
इतनी तेजी से अपनी फिल्म को पूरा करने का कारनामा अब तक सिर्फ अभिनेता अक्षय कुमार ही करते रहे हैं। इस फिल्म के लिए निर्माताओं ने कोई सेट तैयार नहीं किया बल्कि फिल्म को अमेरिका में सिएटल और वाशिंगटन के वास्तविक स्थानों पर ही शूट किया गया है। मूल रूप से यह तेलुगू भाषा की फिल्म है लेकिन इसे तमिल और मलयालम भाषा में भी एक साथ रिलीज किया जाएगा। आर माधवन के अलावा इस फिल्म में अनुष्का शेट्टी और अंजलि मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं, शालिनी पांडे, सुब्बाराजू और श्रीनिवास अवसरला की भी फिल्म में अहम भूमिकाएं हैं।
इतने कम समय में अपनी फिल्म की शूटिंग पूरा करने के अनुभव को साझा करते हुए हेमंत कहते हैं, 'इस पूरी फिल्म को वास्तविक स्थानों पर शूट किया गया है। इसके लिए हमने ज्यादातर शूटिंग अमेरिका के सिएटल राज्य में की और थोड़ी बहुत शूटिंग वॉशिंगटन में भी हुई है। इसके लिए हमने कोई सेट तैयार नहीं किया। यहां तक कि फिल्म में कुछ पुलिस वालों को भी जगह दी गई है जो कि असली पुलिस वाले हैं। उन्होंने भी शूटिंग में काफी सहयोग किया। तमिल और तेलुगू दो भाषाओं में हमने इस फिल्म को मात्र 56 दिनों में पूरा कर लिया।'
फिल्म की कहानी एक लड़की साक्षी की है जो कि हुनरमंद कलाकार है लेकिन गूंगी और बहरी है। अचानक से वह एक अप्रत्याशित घटना की चश्मदीद गवाह बन जाती है जो उसने एक हॉन्टेड होने के मशहूर विला में होती हुई देखी। फिर पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन करती है और भूत से लेकर एक लापता लड़की तक वह सबको शक के कटघरे में खड़ा कर देती है। यह एक थ्रिलर फिल्म है जिसके निर्माता दर्शकों को इसकी कहानी से चौंकाने का वादा करते हैं।