Rane X Omung Kumar: ओमंग कुमार की फिल्म से होगी हर्षवर्धन राणे की वापसी, साथ दिखेंगी कश्मीर की कली सादिया खतीब
‘मैरी कॉम’ और ‘सरबजीत’ जैसी बायोपिक फिल्मों के निर्देशक ओमंग कुमार की नई फिल्म से हर्षवर्धन राणे कमबैक करेंगे। इस फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस सादिया खतीब नजर आने वाली हैं।
विस्तार
इमोशन के बादशाह निर्देशक ओमंग कुमार और अभिनेता हर्षवर्धन राणे दोनों की जबरदस्त वापसी एक साथ एक नई फिल्म से होने जा रही है। इस फिल्म में हर्षवर्धन राणे के साथ सादिया खतीब, करणवीर मेहरा और इप्सिता भी होंगे। फिल्म एक रोमांटिक एक्शन थ्रिलर बताई जा रही है।
बायोपिक फिल्मों ‘मैरी कॉम’ और ‘सरबजीत’ से धाक जमाने वाले निर्देशक ओमंग कुमार अब मैदान में उतर रहे हैं एक नए तेवर के साथ। इस बार न कोई बायोपिक, न कोई सीधी-सादी कहानी—बल्कि दिलों को धड़काने वाला एक हाई-वोल्टेज रोमांटिक एक्शन ड्रामा, जिसमें प्यार भी है, तकरार भी है और जबरदस्त टशन भी।
जानकारी के मुताबिक इस फिल्म की मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे रफ-टफ लुक वाले हर्षवर्धन राणे, संजीदा अदाकारा सादिया खतीब, स्टाइलिश और सधा हुआ अंदाज़ लिए करणवीर मेहरा, और एक ताज़गी से भरी धमाकेदार एंट्री के साथ इप्सिता। ये चौकड़ी मिलकर लव स्टोरी के पर्दे पर आग लगाने आ रही है। फिल्म का निर्माण कर रहे हैं खुद ओमंग कुमार।
पता चला है कि ओमंग कुमार ने ये पूरा प्रोजेक्ट अभिषेक अंकुर (ब्लू लोटस पिक्चर्स), उमेश केआर बंसल, प्रगति देशमुख (ज़ी स्टूडियोज), हिमांशु तिवारी, अजय सिंह, धनंजय सिंह (स्टार्क एंटरटेनमेंट) और कैप्टन राहुल बाली (इनोवेशंस इंडिया) के साथ मिलकर खड़ा किया है। इतने सारे निर्माताओं की कतार देखकर समझ ये भी आता है कि ये फिल्म कितनी चुनौतियों के बीच बनने जा रही है। फिल्म का फर्स्ट लुक जल्द ही जारी होने वाला है।