आदित्य के संग अपने उस पुराने रिश्ते को याद कर जब भावुक हो गईं कैटरीना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वैलनटाइन डे से दो दिन पहले यानी 12 फरवरी को रिलीज हो रही फिल्म फितूर के प्रमोशन के लिए हीरो आदित्य रॉय कपूर, कैटरीना कैफ और निर्देशक अभिषेक कपूर हाल ही में दिल्ली के लोधी गार्डन आए थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने फिल्म से जुड़ी कई बातें बताईं और कुछ राज भी खोले।
फिल्म के लिए कश्मीर को चुनने के पीछे निर्देशक अभिषेक ने वजह बताई कि यह फिल्म एक लड़के नूर की कहानी है जिसे बचपन में ही फिरदौस नाम की लड़की से प्यार हो जाता है। पागलपन की हद तक का यह प्यार उस पर गहरा असर डालता है। ऐसी प्रेम कहानी के लिए कश्मीर से बेहतर जगह नहीं हो सकती थी।
उन्होंने बताया कि उस वक्त कश्मीर में बाढ़ भी आई हुई थी और कई लोगों ने उन्हें हिमाचल में शूटिंग करने की सलाह दी लेकिन जो बात कश्मीर में है वो कहीं और नहीं।
आदित्य-कैटरीना की जोड़ी, उनके किरदार और उनके अनुभव पर भी बात की गई जिसमें कई पुराने किस्से सामने आए।
पहले से कितना अलग है आदित्य का किरदार
आदित्य रॉय कपूर पिछली कुछ फिल्मों में नशे में डूबा, प्यार में पागल लड़के का किरदार निभा चुके हैं। क्या इस बार भी कुछ ऐसा ही किरदार दिखेगा के सवाल पर वो बोले,''नूर अपने प्यार को पाना चाहता है, यह उसका बचपन का प्यार है इसलिए उसके लिए कुछ भी कर सकता है। वो जुनून तो दिखेगा लेकिन इस फिल्म में मैंने शराब नहीं पी है।''
आदित्य को फिल्मों में आए 6 साल हुए हैं जबकि कैटरीना को 12 साल हो चुके हैं। आदित्य से सीनियर कैटरीना ने फिल्म के दौरान कहीं भी अपने औदे को लेकर धौंस दिखाने के सवाल पर बड़ा दिलचस्प जवाब दिया।
क्या कैटरीना ने आदित्य को सीनियर होने की धौंस दिखाई?
कैटरीना का कहना था कि उन्होंने भले ही आदित्य के मुकाबले कई ज्यादा फिल्में की हैं लेकिन इस इंडस्ट्री में उन दोनों ने एक ही वक्त पर एंट्री की थी। इसलिए वो खुद को सीनियर नहीं मानती। उस वक्त आदित्य एक चैनल के वीजे हुआ करते थे, वहीं उनकी पहले मुलाकात हुई थी।
पुराने दिनों को याद कर कैट भावुक हो कर बोलीं कि काफी साल बीत गए हैं। फिल्म से पहले वो आदित्य को ज्यादा नहीं जानती थी, शूटिंग के दौरान जाना।
दिलचस्प बात यह भी सामने आई कि सालों पहले जब आदित्य वीजे हुआ करते थे तब फिल्म हमको दीवाना कर गए के लिए उन्होंने ही कैट का इंटरव्यू भी लिया था।
उनका कहना था कि आदित्य के साथ काम करना बहुत अच्छा अनुभव रहा। वो बोली, '' पहले दिन ही जब मैंने उनके साथ पहला शॉट दिया तो मैं समझ गई थी कि यह सफर बहुत रोमांचक होने वाला है। जब आप एक को-एक्टर के साथ कोई शॉट देते हो तो यह निर्देशक तय करता है कि शॉट ओके है या नहीं लेकिन सामने खड़े को-एक्टर के उत्साह से आप समझ जाते हैं कि सब सही हुआ है।''
तब वीजे और अब कैट के साथ बतौर हीरो काम करना आदित्य के लिए कैसा था इस पर भी आदित्य ने दिल की बात कहीं।
कैट के साथ डांस करने को लेकर उत्साहित थे आदित्य
आदित्य ने कहा कि उस वक्त उनकी कोई ऐसी हसरत नहीं थी कि एक दिन इस हीरोइन के साथ उन्हें ऑऩस्क्रीन रोमांस करना है। बल्कि कैटरीना के साथ पहली बार काम कर रहे आदित्य 'पश्मीना' गाने पर साथ डांस करने को लेकर बहुत उत्साहित थे। कैट तो पहले भी बेहतरीन डांस करती रही हैं लेकिन आदित्य के लिए यह नया था।
उन्हें लगता था कि यह तो 2-3 दिन में हो जाएगा लेकिन कैट ने समझाया कि कम से कम 10 दिन चाहिए इस गाने पर अच्छा डांस करने के लिए। वहीं, कैटरीना ने भी बताया कि इस गाने के दौरान उन्हें कोरियाग्रफर बॉस्को से कई बार डांट भी पड़ी क्योंकि बॉस्को जानते थे कि कैट बहुत बेहतर कर सकती हैं।
इससे हट कर फिल्म में बढ़ते नंगेपन और बात-बात पर कपड़े उतारने के चलन पर भी निर्देशक अभिषेक से कुछ तीखे सवाल हुए। अगली स्लाइड में जानिए उन्होंने क्या कहा।
'मेरी फिल्म में जरूरत हुई तो नंगापन भी होगा'
फिल्म में एक डॉयलॉग को अलंकार की तरह इस्तेमाल किया गया है। अभिषेक से सवाल था कि फिल्म का डॉयलॉग 'दूध मांगोगे खीर देंगे, कश्मीर मांगोंगे चीर देंगे' क्या कोई राजनीतिक दृष्टिकोण दिखाता है तो उन्होंने साफ इनकार किया। उन्होंने बताया कि इसे अलंकार की तरह इस्तेमाल किया गया है।
वो कहते हैं, ''यहां फिरदौस(कैटरीना) को कश्मीर की तरह लिया गया है। नूर(आदित्य) उससे इतनी मोहब्बत करता है कि उसे जाने नहीं दे सकता। अगर कोई फिरदौस को छीनने की कोशिश करे तो वो किसी भी हद तक जा सकता है।''
कश्मीर को चुनने के पीछे एक और बड़ी वजह बताई और उसे भी अलंकार से जोड़ा। ऐसी वजह जिसे शायद आम दर्शक समझ ही नहीं पाता।
क्या है फिल्म में कैटरीना के लाल बालों का राज?
अभिषेक ने बताया कि कश्मीर की एक खूबसूरती वहां के चिनार के पेड़ भी हैं जिसकी पत्तियां नवंबर में लाल हो जाती हैं। यही वजह है कि फिल्म में कैटरीना और तबू के बाल लाल दिखाए गए हैं, यह एक अलंकार की तरह है।
फिल्म में कश्मीर की हर छोटी से छोटी चीज को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की गई है।
निर्देशक ने इस फिल्म को काफी गहरे तरीके से गढ़ा है। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म अंग्रेजी लेखक चार्ल्स डिकेन्स की नॉवल ग्रेट एक्सपेक्टेशन पर आधारित है। इसके बारे में भी कैटरीना ने एक बड़ा राज खोला।
'महाभारत' पर फिल्म बनाना चाहते हैं अभिषेक
जब पत्रकारों ने अभिषेक से पूछा कि उन्हें इस नॉवल में ऐसा क्या लगा कि फिल्म बनाने की सूझी तो कैटरीना तपाक से बोलीं,'' इस बात का श्रेय मैं लेना चाहूंगी। मैंने अभिषेक से कहा था इस किताब पर फिल्म बनाने के लिए।'' दरअसल, कैट ने यह किताब अपनी स्कूली दिनों में पढ़ी थी और तभी से इसका किरदार निभाना चाहती थीं।
अगली किस किताब पर अभिषेक फिल्म बनाना चाहेंगे के सवाल पर वो बोले कि 'महाभारत' उनके दिमाग में है। उस पर फिल्म बने तो कमाल की होगी लेकिन उसके लिए बहुत तैयारी की जरूरत है।
इस फिल्म में तबू भी मुख्य भूमिका में हैं साथ ही लारा दत्ता का भी छोटा सा रोल है। सितारों से सजी यह फिल्म 12 फरवरी को बड़े पर्दे पर दिखेगी।