कोरोना संक्रमित फातिमा सना शेख के लिए अनिल कपूर ने भिजवाया घर का खाना, एक्ट्रेस बोलीं- आप बेस्ट हो
- फातिमा सना शेख हैं कोरोना संक्रमित।
- अनिल कपूर ने फातिमा के लिए भेजा घर का खाना।
- फातिमा ने अभिनेता का किया शुक्रिया अदा।
विस्तार
महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते बॉलीवुड के कई सेलेब्स भी इसकी चपेट में आ गए हैं। एक्ट्रेस फातिमा सना शेख भी कोरोना संक्रमण से बच नहीं पाईं। उन्होंने बीते सोमवार को अपनी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी। फातिमा ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। लेकिन इस दौरान अभिनेता अनिल कपूर ने उनके लिए कुछ खास भिजवाया है।
फातिमा सना शेख को अनिल कपूर ने घर का बना हुआ खाना भेजा है। फातिमा ने सोशल मीडिया पर इसके लिए उनको धन्यवाद कहा है। फातिमा सना ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर खाने की एक तस्वीर लगाई है। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'अनिल कपूर आप सबसे बेस्ट हो। घर के इस शानदार, स्वादिष्ट खाने के लिए आपका बहुत शुक्रिया।' तस्वीर में दिख रहा है कि अनिल ने कई डिशेज फातिमा को भिजवाई हैं ताकि कम से कम आइसोलेशन में उनको अच्छा खाना मिलता रहे।
बता दें कि अनिल कपूर और फातिमा सना शेख एक फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का नाम अभी सामने नहीं आया है। हाल ही में शूटिंग के दौरान ही राजस्थान के नारलाई रावले में फातिमा ने अपना जन्मदिन मनाया था। इस दौरान अनिल कपूर उनके साथ ही दिखे थे। अनिल और फातिमा की तस्वीरें भी सामने आई थीं।
अभिनेत्री फातिमा सना शेख से पहले भी कई सेलेब्स कोरोना की जद में आ चुके हैं। मनोज बाजपेयी, विक्रांत मैसी, सतीश कौशिक, रणबीर कपूर, तारा सुतारिया, संजय लीला भंसाली समेत अन्य कई स्टार्स कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।