ठाकरे की मदद से अस्पताल पहुंचे थे बिग बी, इस वजह से बने थे पारिवारिक रिश्ते
सदी के महानायक कहलाने वाले अमिताभ बच्चन के पास कहने को इतना कुछ होता है कि उनकी यादें भी कभी-कभी श्रोताओं को भी विस्मित कर देती हैं। ऐसा ही कुछ हुआ मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान जहां वह शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे के साथ अपनी तस्वीरें देख भावुक हो गए। अमिताभ बच्चन ठाकरे परिवार की बहू स्मिता ठाकरे के ट्रस्ट के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहां अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए बच्चन ने बताया, ‘ठाकरे परिवार के साथ मेरा पारिवारिक संबंध रहा है। बाला साहब के परिवार के साथ हम सब भी एक परिवार की तरह ही रहे हैं।
जया और मेरा जब विवाह हुआ तब बाला साहब ने मुझे बुलाया। मैं उनसे मिलने पहुंचा तो वह बोले तुमने अब विवाह कर लिया है तो अपनी पत्नी को लेकर घर आओ। मैं उनके घर गया और आई ने जिस तरह अपने घर में जया का स्वागत किया वह बिलकुल ऐसा था कि उनकी खुद की बहू घर आई हो। तभी से हमारा ठाकरे परिवार के साथ पारिवारिक संबंध बना रहा। उनका स्नेह, आदर, प्यार और उनकी देख रेख की कमी मुझे हमेशा याद रहती है। जब भी मेरे जीवन में कोई ऐसी घड़ी आई जब हमें उनसे थोड़ी सी प्रेरणा लेनी हो तो हम उनके पास पहुंच जाते थे और वह हमारा हाथ पकड़कर हमें मार्गदर्शन देते थे।’
यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन ने बाल ठाकरे की इस तरह प्रशंसा की है। बिग बी ने अपनी जान बचाने का श्रेय भी बाल ठाकरे को ही दिया है। फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान जब अमिताभ बच्चन बुरी तरह से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए बैंगलोर से बंबई लाया गया तो उस वक्त जमकर बारिश हो रही थी। अस्पताल ले जाने का कोई साधन नहीं मिल रहा था तो शिव सेना के बाल ठाकरे ने जया बच्चन के एक फोन पर तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था की थी।