क्या अमिताभ बच्चन को भी सताने लगा एआई का डर? बिग बी ने ‘केबीसी’ के मंच पर उठाया बड़ा सवाल
Amitabh Bachchan Talk About AI: अमिताभ बच्चन ‘केबीसी 17’ को इन दिनों होस्ट कर रहे हैं। इस शो से जुड़ा एक प्रोमो वीडियो सामने आया है, जिसमें अमिताभ बच्चन एआई (Artificial intelligence)को लेकर बात कर रहे हैं। इसके इस्तेमाल को लेकर बड़ा सवाल कर रहे हैं?
विस्तार
अमिताभ बच्चन ‘केबीसी 17’ में सिर्फ प्रतियोगी को गेम ही नहीं खिलाते हैं। वह कई मुद्दों पर भी बात करते हैं। शो के हालिया रिलीज एक प्रोमो में उन्होंने एआई (Artificial intelligence) को लेकर बड़ी बात बोल दी। बिग बी ने बताया कि अब लगभग हर फील्ड में एआई का इस्तेमाल हो रहा है। लेकिन ऐसे में इंसानों की असल पहचान क्या होगी?
मेरा एआई वर्जन आपको ‘केबीसी’ में दिखेगा
‘केबीसी 17’ के प्रोमो में अमिताभ बच्चन कहते हैं, ‘मैं कई बार मजाक में कहता हूं कि एआई का इस्तेमाल जिस तेजी से बढ़ रहा है, वो दिन दूर नहीं जब मेरा एआई वर्जन होस्ट बनकर ‘केबीसी’ में बैठा होगा। मशीनें अब सोचने लगी हैं, लिखने लगी हैं, सवालों के जवाब देती हैं, तस्वीरें बनाती हैं। जब मशीनें ही सब कुछ कर रही हैं, तो इंसान की असली पहचान क्या होगी?’ यही सवाल ‘केबीसी 17’ में बिग बी ने किया।
बिग बी ने इंसान होने का असल मतलब बताया
एआई के दौर में इंसान होने असल पहचान उसके इमोशन हैं, यह बिग बी का मानना है। वह कहते हैं, ‘ इंसान की असल पहचान होता है, उसका दिल। मशीनें इंसान का दिमाग कॉपी कर सकती हैं। लेकिन इंसानी दर्द, अनुभव, कल्पना और जज्बात को सिर्फ वही महसूस कर सकता है, जिसके पास दिल हो। इसलिए इंसानियत किसी सॉफ्टवेयर के कोड में नहीं लिखी जा सकती है, उसके लिए तो रिश्तों की जरूरत होती है।’ बिग बी की बात सुनकर शो में बैठे दर्शक काफी खुश हुए।
25 साल से 'केबीसी' होस्ट कर रहे हैं बिग बी
25 साल पहले 'केबीसी' क्विज शो टीवी पर आया था। तब से अमिताभ बच्चन ही इसे होस्ट कर रहे हैं। बीच में शाहरुख खान ने भी एक सीजन होस्ट किया। मगर दर्शकों को अमिताभ बच्चन ही इस शो में पसंद आते हैं। वह प्रतियोगियों को शो के दौरान काफी मोटिवेट करते हैं। फैंस के कहने पर अपने करियर से जुड़े किस्से भी अक्सर सुनाते हैं।