Homebound: कई ड्राफ्ट और सात साल की मेहनत, ऐसा रहा नीरज घेवन की ‘होमबाउंड’ का कान तक का सफर
Homebound In Cannes: भारतीय सिनेमा जगत के लिए उस वक्त एक बड़ी खुशखबरी आई, जब नीरज घेवन की फिल्म ‘होमबाउंड’ कान में चयनित हुई। जानिए कैसे कान तक पहुंची ‘होमबाउंड’ और फिल्म में क्या कुछ है खास।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय फिल्ममेकर नीरज घेवन की फिल्म ‘होमबाउंड’ फिल्म जगत के सबसे मशहूर फिल्म फेस्टिवल में से एक कान फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित हुई है। नीरज की फिल्म का कान जैसे फिल्म फेस्टिवल में चयन होना भारत के लिए गर्व की बात है। क्योंकि इस फेस्टिवल में दुनियाभर की फिल्में आती हैं, जिनमें से चयन किया जाता है। इस बार फेस्टिवल में 2,901 फीचर फिल्में प्रदर्शित की गईं। इनमें ‘होमबाउंड’ सेलेक्ट होने में सफल रही। जानते हैं फिल्म के कान तक पहुंचने का सफर।
2019 में हुई थी फिल्म की शुरूआत
नीरज घेवन द्वारा निर्देशित ‘होमबाउंड’ को कान में अन सर्टेन रिगार्ड कैटेगरी में शामिल किया गया है। अब फिल्म के कान में स्क्रीनिंग का हर किसी को इंतजार है। यह एक इमोशनल स्टोरी है। कान में चयनित हुई इस फिल्म की शुरूआत साल 2019 में हुई थी। हालांकि, तब ये फिल्म पूरी नहीं हो सकी। फिल्म से जुड़ा एक किस्सा फिल्म के निर्माता सोमेन मिश्रा ने साझा किया है। उन्होंने फिल्म के कान में सेलेक्ट होने पर खुशी जताते हुए फेसबुक पर फिल्म से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया, “इस फिल्म की शुरुआत 2019 में हुई, जब नीरज और मैंने एक स्क्रिप्ट पर काम शुरू किया था। वरुण ग्रोवर उस वक्त स्क्रिप्ट लिख रहे थे। हालांकि, दो साल तक मेहनत करने के बाद यह प्रोजेक्ट कुछ कारणों से आगे नहीं बढ़ पाया। फिर 2020 में एक नई कहानी सामने आई। मैंने सोचा कि इसे नीरज से बेहतर कोई नहीं बना सकता। नीरज ने इस कहानी को अपनाया और लिखना शुरू किया। बाद में सुमित रॉय, वरुण ग्रोवर और श्रीधर दुबे ने डायलॉग्स में अपना योगदान दिया।”
कई ड्राफ्ट बनने के बाद फिल्म को मिली असली कहानी
सोमेन ने आगे अपनी पोस्ट में लिखा, “पांच साल की मेहनत के बाद आज हम इस मुकाम पर हैं। स्क्रिप्ट लिखने से लेकर कहानी को तैयार करने तक, हर कदम में समय और मेहनत लगी। कई ड्राफ्ट बने, कई बार बदलाव हुए और इस दौरान कई दूसरी स्क्रिप्ट्स पर भी काम चलता रहा। लेकिन जब कान जैसी उपलब्धि मिलती है, तो सारी मेहनत सार्थक लगती है।”
यह खबर भी पढ़ें: Jathara Release Date: फिर बदली गई 'मास जतारा' की रिलीज डेट, जल्द रिलीज होगा रवि तेजा का गाना 'तू मेरा लवर'
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन ने किया फिल्म का निर्माण
नीरज घेवन द्वारा निर्देशित ‘होमबाउंड’ में जान्हवी कपूर, ईशान खट्टर और विशाल जेठवा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म का निर्माण करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के अंतर्गत किया गया है।
यह खबर भी पढ़ें: Sunny Deol: इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों को ठुकरा चुके हैं सनी देओल, लिस्ट देखकर घूम जाएगा दिमाग
फिल्म की कास्ट और करण जौहर ने जताई खुशी
फिल्म के कान में चयनित होने पर फिल्म प्रोड्यूसर करण जौहर समेत फिल्म की पूरी कास्ट ने खुशी जताई है। करण जौहर ने कहा कि उनका सपना था कि उनकी कोई फिल्म कान तक पहुंचे, अब ‘होमबाउंड’ के जरिए उनका वो सपना पूरा हो गया है। उन्होंने फिल्म की इस उपलब्धि को भारतीय सिनेमा की एक बड़ी उपलब्धि बताया और इसका श्रेय निर्देशक नीरज घेवन को दिया। करण के अलावा जान्हवी और ईशान ने भी फिल्म की सफलता पर खुशी जताई। ईशान खट्टर ने इस मौके पर कहा कि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसके बारे में मुझे शुरुआत से मालूम था कि यह मेरी जिंदगी में आने वाली सबसे खास फिल्मों में से एक होगी। यह मेरे लिए अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिका है।
नीरज घेवन की ‘मसान’ भी हुई थी कान में सेलेक्ट, मिले थे दो अवॉर्ड
‘होमबाउंड’ कान में सेलेक्ट होने वाली नीरज घेवन की दूसरी फिल्म है। इससे पहले साल 2015 में आई नीरज घेवन की पहली निर्देशित फिल्म ‘मसान’ भी कान में चयनित हुई थी। ‘मसान’ ने कान में दो पुरस्कार भी अपने नाम किए थे। इस फिल्म को कान के अलावा भी कई पुरस्कार मिले थे। फिल्म में विक्की कौशल, ऋचा चड्ढा और पंकज त्रिपाठी ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
यह खबर भी पढ़ें: RRR: ऑस्कर की नई कैटेगरी ‘बेस्ट स्टंट डिजाइन’ की घोषणा में दिखा आरआरआर का जलवा, राजामौली ने जताई खुशी
13 से 24 मई तक आयोजित होगा 78वां कान
इस बार कान के 78वें संस्करण का आयोजन 13 मई से लेकर 24 मई 2025 तक फ्रांस में किया जाएगा। कान में इस साल की चयन प्रक्रिया के दौरान 2,909 फीचर फिल्में प्रदर्शित की गईं, जो अब तक का एक रिकार्ड है। इनमें ‘होमबाउंड’ चयनित हुई इकलौती भारतीय फिल्म है।