दिल्ली: दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गई युवती की चाकू गोदकर हत्या
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को द्वारका जिला के बिंदापुर क्षेत्र में एक आदमी ने 22 वर्षीय महिला को चाकू से हमला कर मार डाला। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिंदापुर इलाके में सोमवार देर रात दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गई 23 साल की युवती की चाकू से ताबडतोड वार कर हत्या कर दी गई। घर से दो सौ मीटर दूरी पर एक युवक ने वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल से गुजर रहे एक फूड डिलिवरी बॉय ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
परिवार वालों ने पडोस में रहने वाले एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी युवक अपने दो दोस्तों के साथ फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मृत युवती की पहचान ओम विहार निवासी डॉली बब्बर के रूप में हुई है। उसके भाई लक्ष्य ने बताया कि डॉली इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों के साथ फ्रीलांसर का काम करती थी। उसके पिता ऑटो चलाते हैं। परिवार वालों ने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे किसी दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए वह घर से निकली थी और कुछ देर में घर आने की बात कही थी।
रात दो बजे पुलिस ने घर आकर बताया कि डॉली की घर से दो सौ मीटर दूरी पर हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने डॉली को लहूलुहान हालत में देखकर पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। उसने डॉली के पास तीन युवकों को खडा देखा था। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के लोगों से पूछताछ की। जिसमें पता चला कि डॉली को उसके पडोसी अंकित गाबा ने चाकू मारकर हत्या की है। शोर शराबा सुनकर कोई भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की।
डॉली के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने डॉली को प्रस्ताव दिया था। लेकिन डॉली ने मना कर दिया था। आरोपी इलाके के बदमाशों के साथ रहता था। जिसको लेकर डॉली उससे बात नहीं करती थी। परिवार वालों ने बताया कि रात में घटना से पहले डॉली ने अपने एक दोस्त को फोन कर बताया था कि एक युवक उसे पिस्टल दिखाकर धमका रहा है। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे।
चाकू मारने के दौरान युवती बचाने की गुहार लगाती रही, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई
जिस जगह पर घटना को अंजाम दिया वहां से पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि एक युवक डॉली पर चाकू से वार कर रहा था और डॉली उससे बचने के लिए भाग रही थी।
लेकिन वह पीछा करते हुए डॉली पर करीब आधा दर्जन से अधिक चाकू से वार कर दिया और तब तक उसे चाकू से मारता रहा जब तक वह बेसुध होकर गिर नहीं गई। सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि आरोपी के साथ दो और लोग मौजूद थे। पुलिस सूत्रों को माने तो दोनों नाबालिग हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बेटी के लिए इंसाफ चाहिए
डॉली की मां मीना ने कहा कि मुझे अपनी बेटी के लिए इंसाफ चाहिए। उसने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उनकी नौकरी चली गई थी। लेकिन फिर से उसे काम मिल रहा था। जिससे परिवार वाले काफी खुश थे। वह घरका खर्चा चल रही थी। अब उनकी कौन मदद करेगा। वह चाहती है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ताकि उसकी बेटी को इंसाफ मिल पाए।