नागरिकता संशोधन कानूनः निजामुद्दीन में प्रदर्शन स्थल पर मनाया जाएगा वसंत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में राजधानी के अलग-अलग इलाकों में विरोध-प्रदर्शन जारी है। निजामुद्दीन दरगाह के पास चल रहे प्रदर्शन स्थल पर बुधवार शाम को सांप्रदायिक सौहार्द के लिए वसंत कार्यक्रम मनाया जाएगा। कार्यक्रम में दिल्ली के दूसरे इलाके लोग भी मौजूद रहेंगे।
इस दौरान यहां आने वाले लोगों से पीले कपड़े पहनकर आने की अपील की गई है। कार्यक्रम के दौरान हजरत निजामुद्दीन की दरगाह के शाही कव्वाल अपनी कव्वाली प्रस्तुत करेंगे।
निजामुद्दीन निवासी शेख जिलानी ने बताया कि हजरत निजामुद्दीन से देश ही नहीं पूरी दुनिया के लोग मोहब्बत करते हैं। यही वजह है कि पूरी दुनिया से हर धर्म के लोग हजरत की दुआएं लेने के लिए आते हैं। दरगाह पर पिछले करीब 700 साल से वसंत मनाया जाता है। इस मौके पर दरगाह शाही कव्वाल अपनी प्रस्तुति देते हैं।
इस बार तय किया गया है कि दरगाह के अलावा शाही कव्वाल प्रदर्शन स्थल पर अपनी प्रस्तुति देंगे। शाम करीब सात बजे कार्यक्रम शुरू होकर देर रात तक चलेगा। शेख जिलानी ने बताया कि उम्मीद की जा रही है कि दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग बसंत के कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
बारिश में भी डटी रहीं प्रदर्शनकारी महिलाएं
सोमवार रात को बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी महिलाएं डटी रहीं। स्थानीय लोगों ने बारिश के दौरान ही रात को टेंट लगाए। प्रदर्शन में शामिल सुमैया ने बताया कि जब तक सरकार नागरिकता संशोधन कानून वापस नहीं लेती प्रदर्शन जारी रहेगा।
तुर्कमान गेट : पुलिस ने 22 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, रिहा
सीएए और एनआरसी के विरोध में तुर्कमान गेट पर बैठे कुछ लोगों ने सोमवार शाम को मिंटो रोड चौक पर जाम लगा दिया। लोग सड़क के बीचोंबीच बैठ गए। कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क पर बैठे लोगों से हटने की अपील भी की पर प्रदर्शनकारी नहीं माने।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया। देर रात को पुलिस ने जबरन इन लोगों को वहां से खदेड़ दिया। पुलिस ने मौके से 22 लोगों को हिरासत में लिया। इन लोगों को दरियागंज, कमला मार्केट और आईपी एस्टेट थाने ले जाया गया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।