मैंने तुम्हारी मां को मार दिया: दोस्ती टूटने से था नाराज, कहासुनी पर गर्लफ्रेंड की मां को मारी सिर में गोली
दिल्ली के सराया रोहिल्ला इलाके में एक शख्स ने अपनी प्रेमिका की मां की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
विस्तार
सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार देर शाम को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का शक महिला की बेटी के दोस्त रह चुके अंकित पर है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मृत महिला की शिनाख्त 55 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है।
पुलिस को मिली थी बाथरूम में फिसलकर मौत की सूचना
वह अपनी तीन बेटियों और पति जयप्रकाश के साथ सराय रोहिल्ला इलाके में रहती थी। उसकी दो बेटी सीए हैं। महिला का पति चांदनी चौक में एक फर्म का काम देखते हैं। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम चार बजे पुलिस को महिला की बाथरूम में फिसलकर मौत होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि सिर में गोली मारकर महिला की हत्या की गई है।
आरोपी चांदनी चौक में करता था काम
पुलिस को मौके से एक पिस्टल और 19 कारतूस मिले। पुलिस सूत्रों ने बताया कि परिवार वालों से पूछताछ के दौरान पता चला कि शाहदरा निवासी अंकित कौशिक ने वारदात को अंजाम दिया है। अंकित चांदनी चौक में साड़ियों की दुकान में काम करता था और महिला की दूसरी बेटी के साथ उसकी दोस्ती थी।
आरोपी और गर्लफ्रेंड की मां के बीच हुई कहासुनी
कुछ दिन पहले दोनों की दोस्ती टूट गई थी। परिवार वालों को भी उनकी दोस्ती पसंद नहीं थी। जांच में पता चला कि पूनम की कई बार अंकित से कहासुनी हुई थी। जांच में पता चला कि अंकित बुधवार को पूनम की बेटी से मिलने आया था। लेकिन घर पर सिर्फ पूनम थी। दोनों के बीच विवाद होने पर अंकित ने उसके सिर में गोली मार दी। सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने वारदात के बाद पूनम की बेटी को फोन कर बताया कि वह उसकी हत्या करने आया था। लेकिन तुम्हारी मां की हत्या कर दी। उसके बाद ही पूनम की बेटी घर पहुंची थी। पुलिस आरोपी अंकित की तलाश में दबिश दे रही है।