{"_id":"abb4f8163a793b5ff5c3a5a8865a464e","slug":"businessmen-get-threats-to-kill","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिजनेसमैन्स को डरा रहा है ये खौफनाक SMS","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिजनेसमैन्स को डरा रहा है ये खौफनाक SMS
पुरुषोत्तम वर्मा/ अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Thu, 09 Jan 2014 09:22 AM IST
विज्ञापन
इन दिनों दिल्ली और एनसीआर के व्यवसायियों तथा उद्योगपतियों में हड़कंप है। उन्हें धमकी भरा मैसेज मिल रहा है, जिसमें कहा जा रहा है वे मोटी रकम अमुख पते पर भिजवा दें, अन्यथा उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
विज्ञापन
व्यवसायियों ने इसकी अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में शिकायत की है। मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को लगाया गया है।
अपराध शाखा के उपायुक्त भीष्म सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चार-पांच अज्ञात मोबाइल नंबरों से व्यवसायियों को मैसेज भेजे जा रहे हैं।
आरोपी धमकी भरा मैसेज भेजने के लिए एक मोबाइल नंबर का ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं।
करीब 80 व्यवसायियों को मैसेज मिल चुके हैं। आरोपियों के मोबाइल नंबरों की सर्विलांस से ये खुलासा हुआ है।
धमकी भरे मैसेज मिलने के बाद कुछ व्यवसायी दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले थे। इसके बाद अपराध शाखा को मामले की जांच में लगाया गया।
हालांकि अपराध शाखा ने अपने थाने में अभी मामला दर्ज नहीं किया है।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार व्यवसायियों ने प्रशांत विहार, शकरपुर और सदर बाजार आदि थानों में धमकी भरे मैसेज मिलने की शिकायत की है।
बाहरी दिल्ली के एक थाने में भी मामला दर्ज किया गया है।
अपराध शाखा अधिकारियों का कहना है कि जिन मोबाइल नंबर से मैसेज मिल रहे हैं, वह फर्जी आईडी पर हैं और नजफगढ़ की तरफ रहने वाले एक व्यक्ति के नाम से हैं। उनकी लोकेशन भी पश्चिमी दिल्ली की आ रही है।
विज्ञापन