Delhi: आठ साल की बच्ची का गला घोंटकर हत्या, पत्थर से सिर और चेहरे को कुचला, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
घटना दिल्ली के नरेला इलाके की है। यहां शुक्रवार रात को आठ साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नरेला इलाके में भाई से हुए झगड़ा का बदला लेने के लिए पड़ोस युवक ने आठ साल की बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने बच्ची का गला घोंटने के बाद उसके सिर को पत्थर से कुचल दिया। सीसीटीवी कैमरे में बच्ची को ले जाने के दौरान कैद होने की वजह से आरोपी ज्यादा देर तक पुलिस की गिरफ्त से दूर नहीं रह सका और पुलिस ने उसे बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची लक्ष्मी अपनी मां, भाई और तीन बहनों के साथ नरेला इलाके में रहती थी। उसके पिता का देहांत हो चुका है। उसकी मां नरेला के एक फैक्टरी में काम करती है। शुक्रवार शाम लक्ष्मी अपने घर के सामने से लापता हो गई। रात 10 बजे लक्ष्मी की मां ने उसके गायब होने की शिकायत नरेला थाने में की। बच्ची की छोटी उम्र को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और अगवा का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बच्ची के घर से डेढ़ सौ मीटर दूर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। जिसमें बच्ची एक युवक के साथ जाती दिखी। बच्ची के परिजनों ने उसकी पहचान पड़ोसी युवक अनवर (22) के रूप में की।
रात करीब 11.30 बजे पुलिस ने आरोपी को इलाके से हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। आरोपी पहले एक अन्य युवक राजा बाबू का नाम लेकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन छानबीन करने पर उसका दावा गलत साबित हुआ। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह बच्ची की हत्या कर चुका है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर लालबत्ती के पास झाड़ियों से बच्ची के शव को बरामद कर लिया। उसके सिर और चेहरे पर भारी पत्थर से हमला किया गया था।
पुलिस क्राइम व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंची सबूत जुटाए। पुलिस ने अपहरण के मामले में हत्या का धारा जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि बच्ची के भाई से कुछ दिन पहले उसका झगड़ा हुआ था। जिसमें बच्ची के भाई ने उसकी पिटाई कर दी थी। जिसका बदला लेने के लिए वह बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और उसकी पहचान छिपाने के लिए पत्थर से उसका सिर और चेहरा कुचलने का प्रयास किया।
परिजनों ने लगाया दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप
बच्ची के परिजनों ने आरोपी पर बच्ची की हत्या करने से पहले उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस बात से इंकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि बच्ची का शव जिन हालात में मिला, इससे उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाया। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त देवेश महला ने बताया कि शुरूआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और सिर की हड्डी टूटने को मौत का कारण बताया गया है। बच्ची पर यौन हमले का कोई संकेत नहीं मिला है। डॉक्टरों ने यौन शोषण से इंकार किया है।
आक्रोषित परिजनों और लोगों ने किया प्रदर्शन
हत्या से आक्रोषित परिजन और आस-पास के लोगों ने शनिवार सुबह रोड को जाम कर दिया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से इलाके में मादक द्रव्य बेचा जा रहा है। उन लोगों ने बताया कि आरोपी भी नशे का सेवन करता है और उसने नशे में ही बच्ची की हत्या की है। उन लोगों ने आरोपी के साथ-साथ इलाके में खुलेआम बिक रहे नशे के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझा कर शांत करवाया है।