दिल्ली: बुजुर्ग को बंधक बनाकर लूटपाट, विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट से किया हमला
बैंक से सेवानिवृत नंद किशोर आर ब्लाक शास्त्रंपार्क में अकेले रहते हैं। सोमवार को भी वह घर के पास के एक मंदिर में गए थे। वहां से वापस आने के बाद वह दरवाजा खोल रहे थे। तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें घर के अंदर गिरा दिया।
विस्तार
शास्त्री पार्क इलाके में मंदिर से पूजा कर लौटे एक बुजुर्ग को बदमाशों ने घर में बंधक बनाकर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने बुजुर्ग की पिटाई कर दी और पिस्टल की बट से हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल बुजुर्ग को गंगा राम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बुजुर्ग के बयान पर पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
बैंक से सेवानिवृत नंद किशोर आर ब्लाक शास्त्रंपार्क में अकेले रहते हैं। सोमवार को भी वह घर के पास के एक मंदिर में गए थे। वहां से वापस आने के बाद वह दरवाजा खोल रहे थे। तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें घर के अंदर गिरा दिया। बदमाश भी कमरे में घुस गए और दरवाजे की कुंडी लगा ली।
शिकायत के अनुसार, बदमाश बुजुर्ग से नकदी के बारे में पूछने लगे। बुजुर्ग ने बदमाशों का विरोध किया तो बदमाश उन्हें पीटने लगे। एक बदमाश घर की तलाशी लेने लगा जबकि दूसरा बदमाश पिस्टल की बट से बुजुर्ग के सिर और चेहरे पर हमला करने लगा। पीड़ित के बेहोश होने के बाद बदमाशों ने घर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। पड़ोसियों ने नंद किशोर को घायल देखकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार को तबियत ठीक होने के बाद अस्पताल में पीड़ित ने पुलिस को बयान दर्ज कराए। पुलिस बुजुर्ग के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।