दिल्ली में अपराध : बच्चों से बिकवाते थे नशीला पदार्थ, एक आरोपी गिरफ्तार
- मुख्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
- आरोपी बच्चों से गांजे की पुड़िया बनवाकर उनसे ही बिकवाते थे गांजा, छानबीन जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहदरा जिले स्पेशल स्टाफ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक ऐसे गिरोह के सदस्य को पकड़ा है जो बच्चों से गांजा बिकवाता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद अब्दुल हसन (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 5.560 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी विशाखापटनम से गांजा दिल्ली-एनसीआर में लाकर उसका धंधा कर रहे थे। गैंग का सर टोनी फिलहाल फरार है। पुलिस की टीम उसकी तलाश कर रही है। आरोपी बच्चों से गांजे की पुड़िया बनवाकर उसे बेचते थे। स्पेशल स्टाफ पुलिस आरोपी अब्दुल हसन से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त आर. साथियासुंदरम ने बताया कि पिछले काफी समय से उनकी टीम मादक पदार्थों का धंधा करने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। बुधवार को जिले के स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर हीरा लाल व अन्य की टीम को सूचना मिली कि आरोपी सीएनजी पंप न्यू सीमापुरी के पास आने वाला है। खबर मिलने के बाद पुलिस की टीम ने आरोपी को एक पैकेट के साथ दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसमें पांच किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।
आरोपी ने बताया कि वह टोनी नामक शख्स के लिए काम करता है। गैंग विशाखापटनम से गांजा दिल्ली-एनसीआर में लाता है। इसके बाद उस गांजे को नाबालिगों की मदद से छोटी-छोटी पुड़ियों में बनवाया जाता है। बाद में उनकी ही मदद से उसे बेच दिया जाता है। पुलिस टोनी के अलावा गैंग के बाकी आरोपियों की भी तलाश कर रही है।