दिल्ली की चुनावी पिच पर 'आप' को घेरने के लिए बनाई रणनीति, चुभते सवालों से करेंगे वार!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस रणनीति का खुलासा गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। दिल्ली के मटियाला, उत्तम नगर और नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्रों में अमित शाह जनसभा करेंगे, जबकि पालम और महरौली में जेपी नड्डा पहुंचेंगे। शाह की पहली चुनावी जनसभा में यह तय होगा कि दिल्ली की चुनाव पिच पर भाजपाई टीम किस तरह खेलेगी। पार्टी की क्या लाइन रहेगी, विपक्षी टीम पर किस तरह अटैक होगा और डिफेंस के लिए कौन सी नीति अपनाई जाएगी।
बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी धुआंधार चुनाव प्रचार शुरू कर चुकी है। केजरीवाल और उनके सहयोगी रोजाना कहीं न कहीं पर जनसभाएं कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने अपना जो चुनावी एजेंडा बनाया है, उसमें भाजपा को घेरने के लिए कई प्वाइंट शामिल किए गए हैं। जैसे, पहले नंबर पर 'आप' अपने पांच साल के कार्यकाल का बखान करेगी। इसमें बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य टॉप पर हैं।
पार्टी ने इसी आधार पर अपनी टैग लाइन 'अच्छे बीते पांच साल, लगे रहो केजरीवाल' तैयार की है। दूसरे नंबर पर भाजपा को लेकर लोगों से सवाल पूछे जा रहे हैं कि आप क्या चाहते हैं। विभिन्न धर्मों के लोगों को आपस में लड़ाना, देश का माहौल खराब करना और विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना, आदि बातें लोगों को बताई जा रही हैं। तीसरा, आप नेता कह रहे हैं कि हमारी पार्टी में सीएम पद को लेकर कहीं कोई आपसी मतभेद नहीं है, जबकि भाजपा और कांग्रेस के पास कोई भी ऐसा नेता नहीं, जिसे दिल्ली के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जा सके।
अब इन्हीं सब बातों को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति बनाई है। कौन से इलाके में क्या एजेंडा रहेगा, इस बार यह प्वाइंट भी चुनावी रणनीति का हिस्सा बना है। गुरुवार को मटियाला, उत्तम नगर और नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्रों में अमित शाह जो लाइन तय रखेंगे, पार्टी उसी पर आगे बढ़ेगी। इस बाबत दो दिन पहले ही अमित शाह, जेपी नड्डा एवं दूसरे पदाधिकारियों बीच एक अहम बैठक हो चुकी है।
भाजपा की रणनीति में शामिल हो सकती हैं ये प्रमुख बातें
पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा सीधे तौर से केजरीवाल पर हमला करने से बचेगी। वह दिल्ली में हुए कामकाज को लेकर भी कोई बड़ी टिप्पणी नहीं करेगी। पार्टी अपने एजेंडे पर चलेगी। उस एजेंडे में राष्ट्रीय स्तर के कई मुद्दे शामिल किए गए हैं। यानी भाजपा सीएए, एनआरसी और शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन को लेकर जनता के बीच पहुंचेगी। आप और कांग्रेस पार्टी को घेरने के लिए भाजपा ने कई सवालों की एक सूची तैयार की है।
इसमें भाजपा नेता सवाल तो लोगों से करेंगे, लेकिन उनका जवाब कांग्रेस और आप से मांगेंगे। जैसे, यह कहा जाएगा कि हम इन दोनों पार्टियों से ये पूछना चाहते हैं कि वे घुसपैठियों के मुद्दे पर क्या राय रखती हैं। क्या वे घुसपैठियों को देश से बाहर नहीं करना चाहतीं, इस लहजे में ही कई सवाल तैयार किए गए हैं। साथ ही भाजपा ने इस लाइन के जरिए कांग्रेस और आप पर हमला करने की रणनीति भी बनाई है कि इन दोनों पार्टियों ने देश में सीएए को लेकर लोगों को गुमराह किया है।
पार्टी अपने बड़े नेताओं के बयान, जिनमें नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा शामिल हैं, जनता के सामने रखे जाएंगे। अपने बयान में उक्त नेताओं ने कहा है कि भारत के मुसलमानों को किसी भी तरह के कानून से डरने की जरूरत नहीं है। उनके खिलाफ कुछ नहीं हो रहा है ,वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। गुरुवार को अमित शाह और जेपी नड्डा जो भी लाइन तय करेंगे, पार्टी उसी पर चलेगी।