दिल्ली: फार्म हाउस में गोकशी, पांच गिरफ्तार, केयरटेकर की हत्या के आरोपियों की तलाश में पुलिस
पुलिस का कहना है कि इलाके में शनि मंदिर के पास एक फार्म हाउस के केयरटेकर ने वहां कई गायें पाल रखी हैं। रविवार देर रात यूपी के कुछ बदमाश राजाराम की मौजूदगी में फार्म हाउस के भीतर गोकशी कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर ग्रामीण वहां पहुंच गए।
विस्तार
द्वारका जिले के छावला स्थित एक फार्म हाउस में गोकशी के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, वहीं फार्म हाउस के केयर टेकर की पीट-पीटकर हत्या के आरोपियों का मंगलवार रात तक कोई सुराग नहीं लगा है।
ग्रामीणों और कथित गोरक्षकों ने रविवार रात गोकशी की सूचना के बाद फार्महाउस पर धावा बोल दिया था। भीड़ ने गोकशी कर रहे लोगों को जमकर पीटा। घायलों को अस्पताल ले जाने पर फार्म हाउस के केयरटेकर राजाराम (50) को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने हसनपुर (यूपी) निवासी मोहम्मद शानू नामक एक आरोपी की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच क्षेत्रीय एसडीएम को सौंपी गई है।
छावला जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि छावला इलाके में शनि मंदिर के पास सुनसान स्थान पर एक फार्म हाउस है, जिसकी देखभाल राजाराम करता था। उसने फार्म में कई गायें पाल रखी हैं। रविवार देर रात यूपी के कुछ बदमाश राजाराम की मौजूदगी में फार्म हाउस के भीतर गोकशी कर रहे थे। इसकी सूचना ग्रामीणों के अलावा गोरक्षक दल के कुछ लोगों को मिल गई।
मौके पर पड़े मिले गोवंश के अवशेष
करीब दो बजे भीड़ ने फार्म हाउस पर धावा बोल दिया। अंदर पेड़ों के नीचे गोवंश के अवशेष पड़े थे और कुछ लोग मांस को टेंपो में लाद रहे थे। यह देखकर ग्रामीण भड़क गए और राजाराम सहित वहां मौजूद लोगों को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी घायलों को आरटीआरएम अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी।
इसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले आई। यहां राजाराम की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शानू ने दावा किया है कि वह राजाराम के कहने पर ही गोकशी के लिए दिल्ली आए थे।