{"_id":"68b461dc11c406ab0e0c5d26","slug":"chief-minister-joined-the-festivities-of-onam-performed-traditional-dance-ashram-news-c-340-1-del1011-103157-2025-08-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi News: ओणम की खुशियों में शामिल हुईं मुख्यमंत्री, किया पारंपरिक नृत्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi News: ओणम की खुशियों में शामिल हुईं मुख्यमंत्री, किया पारंपरिक नृत्य
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मलयाली समाज के साथ ओणम का त्योहार धूमधाम से मनाया। मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में उन्होंने न सिर्फ पारंपरिक नृत्य में हिस्सा लिया, बल्कि मेहमानों को अपने हाथों से ओणम के पकवान परोसकर अपनापन जताया।
रेखा गुप्ता ने मलयाली समाज का स्वागत किया और ओणम की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये उनके लिए गर्व की बात है कि मलयाली समाज के लोग उनके घर जनसेवा सदन में आए और इस पर्व का आगाज यहीं से हुआ। ओणम सिर्फ फसल और समृद्धि का त्योहार नहीं, बल्कि भाईचारा, एकता और खुशियों का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली में करीब 10 लाख मलयाली परिवार रहते हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, ईमानदारी और संस्कृति से दिल्ली को और समृद्ध बनाया है। ओणम अब सिर्फ केरल का पर्व नहीं, बल्कि विश्वभर में मलयाली समाज के कारण वैश्विक उत्सव बन चुका है। अगले दस दिन दिल्ली इस पर्व की रौनक में डूबी रहेगी। इस आयोजन ने दिल्ली में मलयाली समाज की सांस्कृतिक धरोहर को और मजबूत किया, साथ ही एकता और समरसता का संदेश दिया।
विज्ञापन
सफाई और सुंदरता बनाने में मांगा सहयोग
सीएम ने मलयाली समुदाय की मेहनत और राष्ट्रप्रेम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर समुदाय को बराबर सम्मान मिलेगा। वे दिल्ली को एक ऐसा परिवार बनाना चाहती हैं, जहां हर धर्म और संस्कृति को बराबरी का दर्जा मिले। उन्होंने मलयाली समाज से दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।
विज्ञापन